दुर्गा पूजा के दौरान शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए रांची पुलिस पूरी तरह अलर्ट है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ को नियंत्रित करने और पूजा के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची ने ग्रामीण क्षेत्रों के प्रमुख और संवेदनशील पूजा पंडालों का निरीक्षण किया। SSP ने रातू, नगड़ी, कांके, नामकुम समेत अन्य थाना क्षेत्रों में स्थित महत्वपूर्ण पूजा पंडालों का दौरा किया। इस दौरान पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था, श्रद्धालुओं की भीड़, आने-जाने की व्यवस्था और कानून-व्यवस्था से जुड़ी तैयारियों का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ग्रामीण समेत अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और केंद्रीय शांति समिति के सदस्य भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने पूजा समितियों से भी बातचीत कर तैयारियों की जानकारी ली। संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी के निर्देश SSP ने संबंधित पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों को पूजा पंडालों में पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात करने के निर्देश दिए। साथ ही भीड़ को नियंत्रित करने और श्रद्धालुओं के लिए सुगम आवागमन सुनिश्चित करने को कहा गया। संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिसकर्मियों को पूरी तरह तैयार रहने का निर्देश दिया गया। पूजा समितियों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर शांतिपूर्ण तरीके से पूजा संपन्न कराने पर भी जोर दिया गया। पुलिस अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया गया कि कानून-व्यवस्था से जुड़ी किसी भी समस्या की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाए। रांची पुलिस ने आम लोगों से दुर्गा पूजा के दौरान शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की है। पुलिस ने लोगों से किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने और संदिग्ध गतिविधि या कानून-व्यवस्था से जुड़ी समस्या की जानकारी तुरंत पुलिस को देने को कहा है। रांची पुलिस ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और शांतिपूर्ण माहौल में दुर्गा पूजा संपन्न कराने के लिए पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है। Post navigation रांची में 21 अक्टूबर को निकलेगी मां दुर्गा की विसर्जन शोभायात्रा, गाजे-बाजे के साथ होगा प्रतिमाओं का विसर्जन