G-6J2VDTQNQL

रूपापुर स्थित हाईवे के ओवरब्रिज (अंडरपास) पर सोमवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से स्कॉर्पियो में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में स्कॉर्पियो सवार चार लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, शिवपुर के रहने वाले आठ युवक मीरजापुर स्थित मां विंध्यवासिनी मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए गए थे। दर्शन करने के बाद सभी युवक स्कॉर्पियो से वापस लौट रहे थे। सोमवार सुबह करीब छह बजे रूपापुर स्थित ओवरब्रिज के पास उन्होंने स्कॉर्पियो खड़ी की थी। बताया जा रहा है कि युवक वाहन के पास रील बना रहे थे। इसी दौरान प्रयागराज की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से स्कॉर्पियो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि स्कॉर्पियो के आसपास खड़े कई युवक इसकी चपेट में आ गए। हादसे में दो युवक पुल से नीचे सड़क पर जा गिरे। वहीं, ओवरब्रिज पर भी कई युवक ट्रक की चपेट में आ गए। हादसे में चार युवकों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हुए हैं। घायलों में एक को कछवांरोड और तीन को बीएचयू अस्पताल भेजे जाने की जानकारी है। सभी घायलों का इलाज कराया जा रहा है। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव का काम शुरू किया। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस मृतकों और घायलों की पहचान करने में जुटी हुई है। हादसे की वजह और ट्रक चालक की तलाश को लेकर भी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *