G-6J2VDTQNQL

झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा की एक महत्वपूर्ण बैठक जरीडीह प्रखंड के चिलगड्ढा स्थित पंचायत सचिवालय में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला सचिव जगतु मांझी ने की, जबकि संचालन जरीडीह प्रखंड अध्यक्ष मनीलाल मांझी ने किया। बैठक में संगठन के केंद्रीय अध्यक्ष विदेशी महतो, बोकारो जिला अध्यक्ष राजदेव माहथा, जिला सचिव परमेश्वर मंडल सहित बड़ी संख्या में आंदोलनकारी मौजूद रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य 10 जुलाई को बोकारो में प्रस्तावित बड़े आंदोलन की तैयारी करना था। इस दौरान नेताओं ने स्थानीय लोगों और विस्थापित परिवारों को आंदोलन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की।

10 जुलाई को होगा डीसी आवास का अनिश्चितकालीन घेराव

बैठक में जानकारी दी गई कि 10 जुलाई 2026 को झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा, झारखंड आंदोलनकारी युवा मोर्चा और अखिल भारतीय किसान सभा (झारखंड) के संयुक्त नेतृत्व में बोकारो उपायुक्त आवास का अनिश्चितकालीन घेराव किया जाएगा। आंदोलन का मुख्य मुद्दा बोकारो के विस्थापितों और स्थानीय युवाओं को रोजगार और नियोजन में 100 प्रतिशत भागीदारी दिलाना है। इस आंदोलन में पारंपरिक हथियारों के साथ बड़ी संख्या में लोगों से शामिल होने की अपील की गई है।

आंदोलन का नेतृत्व करेंगे किसान नेता पुष्कर महतो

बैठक में बताया गया कि इस आंदोलन में झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा के संस्थापक प्रधान सचिव और किसान नेता पुष्कर महतो मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। नेताओं ने कहा कि पुष्कर महतो लंबे समय से विस्थापितों, किसानों और स्थानीय युवाओं के अधिकारों की लड़ाई लड़ते रहे हैं। उनके नेतृत्व में होने वाला यह आंदोलन बोकारो के लोगों के अधिकारों और रोजगार की मांग को और मजबूत करेगा। मोर्चा के नेताओं ने कहा कि यह केवल रोजगार का मुद्दा नहीं, बल्कि बोकारो के विस्थापितों और स्थानीय लोगों की पहचान, सम्मान और अधिकार की लड़ाई है। बैठक को संबोधित करते हुए केंद्रीय अध्यक्ष विदेशी महतो ने कहा कि बोकारो स्टील प्लांट यहां के विस्थापितों और स्थानीय लोगों की जमीन पर बना है। अब प्लांट का करीब 20 हजार करोड़ रुपये की लागत से विस्तार किया जा रहा है। केंद्रीय इस्पात मंत्री द्वारा लगभग 12,500 लोगों की नियुक्ति की घोषणा भी की गई है। उन्होंने कहा कि यदि स्थानीय लोग अभी अपने अधिकारों के लिए आवाज नहीं उठाएंगे तो इन नौकरियों में दूसरे राज्यों के लोगों की नियुक्ति हो जाएगी। इसलिए इस लड़ाई को मजबूत बनाना जरूरी है, ताकि बोकारो के युवाओं को उनका हक मिल सके।

राजदेव माहथा ने युवाओं से किया आंदोलन में शामिल होने का आह्वान

जिला अध्यक्ष राजदेव माहथा ने कहा कि बोकारो संघर्ष की धरती रही है। यहां के विस्थापितों और स्थानीय युवाओं के साथ वर्षों से अन्याय होता आया है। उन्होंने आरोप लगाया कि अलग-अलग सरकारों और जनप्रतिनिधियों ने हमेशा विस्थापितों से वादे किए, लेकिन उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया। उन्होंने कहा कि रोजगार के अभाव में बोकारो के हजारों युवा दूसरे राज्यों में पलायन कर चुके हैं और आज भी हर दिन सैकड़ों युवक रोजगार की तलाश में बाहर जा रहे हैं। उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की कि बोकारो स्टील प्लांट के विस्तार कार्य, नई परियोजनाओं और वियाडा क्षेत्र के उद्योगों में स्थानीय युवाओं और विस्थापितों को प्राथमिकता के आधार पर रोजगार दिया जाए, ताकि पलायन पर रोक लग सके। बैठक में विशेशर महतो, दीवाकर महतो, अनाथ बंधु मंडल, भोला राम मांझी, परशुराम हेम्ब्रम, सुमित साव, हेमंत साहू, डोमन चंद्र दे, शंकर लाल मांझी, महादेव मरांडी, सनातन मांझी, राधु मांझी, लालधन टुडू, हीरालाल मांझी, राजकिशोर किस्कू, सुखराम हेम्ब्रम, सीताराम मांझी, मनेष राम मांझी, रामवृक्ष महतो सहित सैकड़ों झारखंड आंदोलनकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *