सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर-चाईबासा मार्ग स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-220) पर सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रोला-खैरबनी मोड़ के पास हाइवा और ट्रेलर की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों में तुरंत आग लग गई। देखते ही देखते दोनों वाहन आग के गोले में बदल गए। इस हादसे में दो चालकों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि दो अन्य चालक घायल हो गए। देर रात हुआ हादसा, चार भारी वाहन चपेट में जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना सोमवार देर रात करीब एक बजे हुई। हाइवा और ट्रेलर की आमने-सामने टक्कर के बाद आग तेजी से फैल गई। आग इतनी भीषण थी कि वाहन चालक बाहर निकलने का मौका नहीं पा सके। हादसे में ट्रेलर चालक की मौके पर ही जिंदा जलकर मौत हो गई। वहीं दूसरे चालक को गंभीर हालत में बाहर निकालकर चाईबासा सदर अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के बाद पीछे से आ रहे दो अन्य ट्रेलर भी समय पर वाहन नहीं रोक सके और आपस में टकरा गए। टक्कर के बाद दोनों ट्रेलर सड़क किनारे खेत में पलट गए। इस दुर्घटना में दोनों ट्रेलर चालक घायल हो गए, जिनका इलाज चल रहा है। इस तरह इस हादसे में कुल चार भारी वाहन प्रभावित हुए, जिससे घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। दो घंटे की मशक्कत के बाद बुझी आग घटना की सूचना मिलते ही राजनगर थाना पुलिस और दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने करीब दो घंटे की कड़ी मेहनत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक हाइवा और ट्रेलर पूरी तरह जलकर खाक हो चुके थे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भेज दिया है। साथ ही हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। इस दर्दनाक हादसे के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी है। उनका कहना है कि NH-220 पर भारी वाहनों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है, जबकि सड़क अभी भी संकरी है। इसी कारण इस मार्ग पर अक्सर गंभीर सड़क हादसे होते रहते हैं। लोगों ने सरकार से मांग की है कि NH-220 को जल्द से जल्द फोरलेन बनाया जाए और सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सके। Post navigation बोकारो के विस्थापितों के हक की लड़ाई में उतरेंगे पुष्कर महतो, डीसी आवास घेराव का ऐलान