G-6J2VDTQNQL

बिहार के बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर बड़ी जीत की ओर बढ़ते नजर आ रहे हैं। बिहार, मध्य प्रदेश और गुजरात की तीन विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनावों के नतीजे लगभग साफ हो चुके हैं। इनमें सबसे ज्यादा चर्चा बांकीपुर सीट की हो रही है, जहां प्रशांत किशोर ने मजबूत बढ़त बना ली है। मतगणना के 28वें राउंड तक प्रशांत किशोर को 59,213 वोट मिले हैं। वहीं, भाजपा उम्मीदवार नीरज कुमार को 39,794 वोट प्राप्त हुए हैं। इस तरह प्रशांत किशोर 19,419 वोटों की बढ़त के साथ जीत के बेहद करीब पहुंच गए हैं। बांकीपुर सीट भाजपा की मजबूत सीट मानी जाती है। यहां से भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नितिन नवीन लगातार पांच बार विधायक रहे हैं। उनके राज्यसभा सदस्य बनने के बाद यह सीट खाली हुई थी, जिसके बाद यहां उपचुनाव कराया गया।

बढ़त मिलने के बाद प्रशांत किशोर ने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता बांकीपुर की जनता के भरोसे और आशीर्वाद का सम्मान करना है। उन्होंने कहा कि वे क्षेत्र के विकास के लिए पूरी ईमानदारी से काम करेंगे। उन्होंने कहा, “मैं बड़े-बड़े वादे नहीं करना चाहता। मेरे विधायक बनने से बांकीपुर रातों-रात बेंगलुरु नहीं बन जाएगा, लेकिन अगले दो से तीन महीनों में लोगों को यहां सकारात्मक बदलाव जरूर दिखाई देंगे। प्रशांत किशोर ने कहा कि बांकीपुर की जनता ने भाजपा नेतृत्व को एक स्पष्ट संदेश दिया है कि बिहार को बेहतर नेतृत्व की जरूरत है। उन्होंने कहा कि भाजपा को राज्य के लिए एक सक्षम और ईमानदार मुख्यमंत्री चुनना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि यदि भाजपा अपने नेतृत्व में बदलाव करना चाहती है तो यह उसका आंतरिक फैसला है, लेकिन राज्य का नेतृत्व ऐसे व्यक्ति के हाथ में होना चाहिए जो ईमानदारी से बिहार के विकास के लिए काम करे। प्रशांत किशोर ने कहा कि लोकतंत्र में जीत और हार होती रहती है, लेकिन सबसे महत्वपूर्ण बात बिहार का विकास है। उन्होंने कहा कि इससे फर्क नहीं पड़ता कि कौन चुनाव जीतता है या किसकी सरकार बनती है, असली लक्ष्य राज्य को आगे बढ़ाना होना चाहिए। उन्होंने कहा कि उनकी कोशिश रहेगी कि बांकीपुर के लोगों को बेहतर सड़क, साफ-सफाई, मूलभूत सुविधाएं और विकास के नए अवसर मिलें।

हालांकि मतगणना अभी पूरी नहीं हुई है, लेकिन 28वें राउंड तक की गिनती में प्रशांत किशोर की बड़ी बढ़त ने उनकी जीत लगभग तय मानी जा रही है। अब सभी की नजर अंतिम परिणाम पर टिकी है, जिसके बाद बांकीपुर को अपना नया विधायक मिल जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *