G-6J2VDTQNQL

रांची में आयोजित ऑर्गन एंड टिश्यू डोनेशन विषय पर एक महत्वपूर्ण कार्यशाला में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने अंगदान को मानवता की सबसे बड़ी सेवा बताते हुए लोगों से इसके प्रति जागरूक होने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि अंगदान केवल एक चिकित्सीय प्रक्रिया नहीं है, बल्कि यह संवेदनशीलता, सामाजिक जिम्मेदारी और दूसरों को जीवन देने का सबसे बड़ा माध्यम है।

अंगदान से जरूरतमंदों के जीवन में आएगी नई रोशनी और नई उम्मीद : मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री ने कहा कि एक व्यक्ति का अंगदान कई जरूरतमंद लोगों को नया जीवन दे सकता है। किसी की किडनी, लिवर, आंखें या अन्य अंग किसी दूसरे व्यक्ति की जिंदगी बचा सकते हैं। उन्होंने कहा कि जब कोई व्यक्ति अपने या अपने परिजन के अंग दान करने का निर्णय लेता है, तो वह कई परिवारों के जीवन में नई उम्मीद और खुशियां लेकर आता है। कार्यशाला के दौरान मुख्यमंत्री ने एक भावुक घटना का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि केरल में एक छोटी बच्ची की आकस्मिक मृत्यु के बाद उसके माता-पिता ने उसके अंग दान करने का साहसिक फैसला लिया था। मुख्यमंत्री ने कहा कि उस घटना ने पूरे देश को भावुक कर दिया था। उन्होंने बताया कि उस बच्ची के पिता से उनकी फोन पर बात भी हुई थी और उनके इस फैसले ने कई लोगों को नई जिंदगी देने का काम किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज चिकित्सा क्षेत्र में तकनीक तेजी से आगे बढ़ रही है। आधुनिक अस्पतालों में रोबोटिक सर्जरी हो रही है और लिवर, किडनी सहित कई अंगों का सफल प्रत्यारोपण किया जा रहा है। ऐसे में अंगदान का महत्व पहले से कहीं अधिक बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि चिकित्सा विज्ञान की प्रगति का लाभ तभी अधिक लोगों तक पहुंचेगा, जब समाज में अंगदान के प्रति जागरूकता बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि अभी भी कई लोग अंगदान को लेकर पूरी जानकारी नहीं रखते हैं। इसलिए लोगों को इसके कानूनी, सामाजिक और चिकित्सीय पहलुओं की सही जानकारी देना जरूरी है। सरकार इस दिशा में लगातार प्रयास कर रही है ताकि अधिक से अधिक लोग इस महादान से जुड़ सकें। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि अंगदान एक ऐसा उपहार है, जो किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन दे सकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अंगदान के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करें और दूसरों के जीवन में रोशनी लाने के इस अभियान का हिस्सा बनें। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य अंगदान को एक जनआंदोलन बनाना है, ताकि अधिक से अधिक लोगों की जान बचाई जा सके। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि समाज, सरकार और चिकित्सा संस्थानों के संयुक्त प्रयास से अंगदान के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और जरूरतमंद मरीजों को समय पर जीवनदायी सहायता मिल सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *