राजधानी रांची के सदर थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक जमीन कारोारी की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 55 वर्षीय रमेश ठाकुर के रूप में हुई है। वह कोकर स्थित तपोवन कॉलोनी के रहने वाले थे। उनका एक मकान तपोवन कॉलोनी से सटे खोरहा टोली में भी है, जहां वह इन दिनों अकेले रह रहे थे। बुधवार सुबह उनका शव घर के अंदर खून से लथपथ हालत में मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शव के पास मिला है एक धारदार हथियार पुलिस के अनुसार, रमेश ठाकुर मंगलवार रात अपने खोरहा टोली स्थित घर में अकेले सो रहे थे। इसी दौरान अज्ञात अपराधी घर में घुस गए और धारदार हथियार से उनके सिर पर कई वार कर दिए। हमला इतना गंभीर था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। बुधवार सुबह जब घर का दरवाजा नहीं खुला तो आसपास के लोगों और किरायेदारों को शक हुआ। उन्होंने अंदर जाकर देखा तो रमेश ठाकुर का शव पड़ा था। इसके बाद तुरंत उनके परिजनों और पुलिस को सूचना दी गई। खबर मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। घर के अंदर का दृश्य देखकर परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घटनास्थल की जांच के दौरान पुलिस को शव के पास एक धारदार हथियार भी मिला है। पुलिस का मानना है कि संभवतः इसी हथियार से रमेश ठाकुर पर हमला किया गया। हथियार को जब्त कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जा रहा है। पुलिस ने घटनास्थल से अन्य जरूरी साक्ष्य भी जुटाए हैं। पुराने विवाद और आपसी रंजिश के पहलू को भी खंगाल रही है पुलिस प्रारंभिक जांच में पुलिस जमीन कारोबार से जुड़े पुराने विवाद और आपसी रंजिश के पहलू को भी खंगाल रही है। अधिकारियों का कहना है कि यह पता लगाया जा रहा है कि हाल के दिनों में रमेश ठाकुर का किसी से कोई विवाद या लेन-देन को लेकर मतभेद तो नहीं हुआ था। पुलिस उनके करीबी लोगों और परिचितों से भी पूछताछ कर रही है। घटना की गुत्थी सुलझाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हत्या से पहले या बाद में संदिग्ध लोगों की आवाजाही हुई थी या नहीं। इसके अलावा मोबाइल कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद हत्या के तरीके और समय को लेकर और स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी। फिलहाल हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा। Post navigation हर बारिश में डूबता रांची का यह इलाका! घरों में घुसा नदी का पानी, गार्ड वॉल ऊंचा करने की फिर उठी मांग भाजयुमो का JPSC घेराव, रांची में सुरक्षा के कड़े इंतजाम, बैरिकेडिंग से घिरा आयोग