उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज इलाके में सोमवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां तीन मंजिला एक व्यावसायिक इमारत में अचानक भीषण आग लग गई। जिस इमारत में आग लगी, वहां एक कोचिंग सेंटर भी संचालित किया जा रहा था। आग लगते ही पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और इमारत में मौजूद लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। पीएम मोदी ने मृतकों के परिजनों को 2 लाख और घायलों को 50 हजार रुपये सहायता देने की घोषणा की प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग तेजी से फैलने लगी, जिससे कोचिंग सेंटर में पढ़ रहे कई छात्र अंदर फंस गए। जान बचाने के लिए कुछ छात्रों ने ऊपरी मंजिलों से नीचे छलांग लगा दी। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस की कई टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। अब तक मिली जानकारी के अनुसार इस हादसे में 14 लोगों की मौत हो चुकी है। बचाव दल ने सभी शवों को बाहर निकाल लिया है। वहीं कई लोग घायल भी हुए हैं, जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है। राहत और बचाव अभियान देर तक जारी रहा और प्रशासन ने आसपास के इलाके को खाली करा दिया। घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि लखनऊ में हुई इस दुखद घटना से उन्हें गहरा आघात पहुंचा है। प्रधानमंत्री ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से प्रत्येक मृतक के परिवार को 2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी हादसे पर दुख जताया है और अधिकारियों को घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए हैं। इस घटना के कारण मुख्यमंत्री का हाथरस दौरा भी रद्द कर दिया गया। बताया गया कि अलीगढ़ में कार्यक्रम के बाद वे सीधे लखनऊ के लिए रवाना हो गए, ताकि हालात की समीक्षा कर सकें। प्रशासन ने आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, हालांकि जांच पूरी होने के बाद ही आग लगने की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी। इस हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है और लोग मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त कर रहे हैं। Post navigation मेहनत और आत्मविश्वास का मिला इनाम, रांची की अवनी ने हासिल किए 500/500 अंक