G-6J2VDTQNQL

रांची पुलिस ने साइबर ठगी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संगठित साइबर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने सुखदेवनगर थाना क्षेत्र और पंडरा ओपी क्षेत्र के पिस्का मोड़ के आसपास किराये के फ्लैटों में रहकर साइबर ठगी करने वाले 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके साथ एक नाबालिग को भी पकड़ा गया है। पुलिस के अनुसार, 13 अक्टूबर 2026 को वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची को गुप्त सूचना मिली थी कि पिस्का मोड़ के पास स्थित पराशर अपार्टमेंट और जतरा मैदान के पास मालती अपार्टमेंट के किराये के फ्लैटों में कुछ लोग संगठित तरीके से साइबर ठगी कर रहे हैं। सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन में सहायक पुलिस अधीक्षक कोतवाली निखिल राय के नेतृत्व में विशेष छापामारी टीम बनाई गई। इसके बाद पुलिस ने दो टीमों में कार्रवाई करते हुए दोनों स्थानों पर छापेमारी की और साइबर ठगी से जुड़े आरोपियों को पकड़ लिया।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से साइबर ठगी में इस्तेमाल होने वाले कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, बैंकिंग दस्तावेज और अन्य सामान बरामद किए। इनमें 7 लाख 98 हजार 100 रुपये नकद, अलग-अलग कंपनियों के 36 मोबाइल फोन, एक लैपटॉप और विभिन्न बैंकों के 32 एटीएम कार्ड शामिल हैं। इसके अलावा पुलिस ने 5 पासबुक, एक चेकबुक, 5 आधार कार्ड, 12 सिम कार्ड, एक माइक्रो एसडी कार्ड और 25 नोटबुक बरामद की हैं। नोटबुक में नाम, मोबाइल नंबर और कथित लेन-देन का हिसाब-किताब लिखा हुआ बताया गया है। पुलिस ने एयरटेल पेमेंट बैंक के दो स्मार्ट स्पीकर/रिसीवर, तीन ड्राइविंग लाइसेंस, एक NPS PRAN कार्ड, 8 PAN कार्ड और एक पल्सर मोटरसाइकिल भी जब्त की है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में अधिकांश पलामू जिले के रहने वाले हैं। गिरफ्तार आरोपियों में रितिक कुमार सिंह, अजीत कुमार मेहता उर्फ अजित कुमार कुशवाहा, सूरज कुमार सिंह, अमनदीप कुमार, सूरजदेव कुमार, अमित रजन, अविनाश कुमार, राजकमल वर्मा, रंजीत कुमार और सत्यम कुमार वर्मा शामिल हैं। इनमें एक आरोपी गढ़वा जिले का रहने वाला बताया गया है।

इस मामले को लेकर साइबर अपराध थाना कांड संख्या 252/26, दिनांक 14 अक्टूबर 2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं और आईटी एक्ट की धारा 66(बी), 66(सी) और 66(डी) के तहत मामला दर्ज किया है। छापामारी अभियान का नेतृत्व सहायक पुलिस अधीक्षक कोतवाली निखिल राय ने किया। टीम में सुखदेवनगर थाना प्रभारी सुनील कुशवाहा, कोतवाली थाना प्रभारी सनोज कुमार चौधरी, पंडरा ओपी प्रभारी विवेक कुमार सहित कई पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल थे। इसके अलावा महिला और पुरुष सशस्त्र पुलिस बल के जवान भी टीम में शामिल रहे। पुलिस ने यह पूरी कार्रवाई दो अलग-अलग टीमों के माध्यम से की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *