दुर्गा पूजा के दौरान रांची शहर में लोगों को सुरक्षित और सुगम यातायात व्यवस्था देने के लिए पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची के नेतृत्व में शहर के अलग-अलग दुर्गा पूजा पंडालों का भौतिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पूजा पंडालों के आसपास पार्किंग व्यवस्था, वाहनों के व्यवस्थित पड़ाव, बैरिकेडिंग और जरूरत पड़ने पर रूट डायवर्जन की व्यवस्था का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने यह भी देखा कि पूजा के दौरान बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो और भीड़ को आसानी से नियंत्रित किया जा सके। पुलिस अधिकारियों ने पंडालों के आसपास के महत्वपूर्ण स्थानों का निरीक्षण कर संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुगम बनाने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इस दौरान पुलिस अधीक्षक नगर, पुलिस अधीक्षक यातायात, अपर पुलिस अधीक्षक, कोतवाली पुलिस उपाधीक्षक नगर सहित संबंधित थाना प्रभारी मौजूद रहे। रांची पुलिस की ओर से दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने के लिए जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़े करें और पुलिस प्रशासन के निर्देशों का पालन करें। इससे दुर्गा पूजा का आयोजन सुरक्षित और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने में मदद मिलेगी। Post navigation मां के प्रति श्रद्धा और सम्मान, नेमरा में हेमंत सोरेन ने निभाए पारिवारिक रीति-रिवाज