राजधानी रांची में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव-2026 और दही हांडी प्रतियोगिता को लेकर यातायात पुलिस ने ट्रैफिक व्यवस्था में व्यापक बदलाव किया है। पर्व के दौरान मंदिरों में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ और मेन रोड में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों को देखते हुए कई प्रमुख रूटों पर वाहनों का परिचालन पूरी तरह बंद रहेगा। इस संबंध में रांची ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह ने आधिकारिक आदेश जारी कर दिए हैं। मेन रोड पर 4 सितंबर को आकर्षक झांकियों का प्रदर्शन होगा, जबकि 5 सितंबर को भव्य भजन संध्या सह दही-हांडी प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इन दोनों दिनों में सुगम यातायात और भीड़ नियंत्रण को ध्यान में रखते हुए 4 और 5 सितंबर को सुबह 6 बजे से रात 12 बजे तक शहर में भारी मालवाहक वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। ऐसे वाहनों को रिंग रोड होकर गुजरना पड़ेगा, जबकि नो-एंट्री का सामान्य समय पहले की तरह ही लागू रहेगा। सवारी वाहनों और ऑटो के लिए नए रूट तय सवारी गाड़ियों, ऑटो, टोटो और मालवाहक वाहनों के लिए भी रूट निर्धारित किए गए हैं। 4 और 5 सितंबर को दोपहर तीन बजे से कार्यक्रम की समाप्ति तक फिरायालाल चौक से सुजाता चौक के बीच सभी प्रकार के कमर्शियल, पैसेंजर और मालवाहक वाहनों का परिचालन बंद रहेगा। इसके अतिरिक्त प्लाजा चौक से फिरायालाल चौक, जेल चौक से फिरायालाल चौक, मिशन चौक से सर्जना चौक, रतन पीपीओ से फिरायालाल चौक और कचहरी चौक से काली मंदिर/उल हाउस की ओर आने वाले मार्गों पर भी वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी। ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह ने शहरवासियों से अपील की है कि वे कार्यक्रमों के दौरान विशेष परिस्थितियों में चारपहिया वाहनों के बजाय दोपहिया वाहनों का उपयोग करें ताकि जाम की समस्या उत्पन्न न हो। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि यदि किसी क्षेत्र में अत्यधिक भीड़ बढ़ती है तो परिस्थिति के अनुसार अन्य मार्गों पर भी थोड़े समय के लिए गाड़ियों को रोका या डायवर्ट किया जा सकता है। Post navigation दुर्गा पूजा को लेकर रांची में सुरक्षा और ट्रैफिक की तैयारियां तेज: प्रशासन अलर्ट, पंडालों का लिया जायजा