अप्रैल 2026 में लोकसभा ने एक बिल ठुकराया था। आठ महीने बाद वही बिल नए पैकेज में वापस आ रहा है — इस बार मोदी सरकार के हाथ में है। नए परिसीमन बिल में सभी राज्यों की लोकसभा सीटें आनुपातिक तरीके से पचास प्रतिशत बढ़ाने का प्रस्ताव है और हर राज्य की हिस्सेदारी 2051 तक फ्रीज़ रहेगी। एकबारगी यह सुनने पर लगता है कि इसमें किसी को नुकसान नही है। लेकिन इसकी शर्तों को ध्यान से पढ़ी जाएं तो तस्वीर उलट जाती है। सीटों के बंटवारे से बड़ा मुद्दा है फैसला लेने का अधिकार, बीजेपी की भूमिका पर सवाल परिसीमन की बहस को देखने का सबसे आसान नज़रिया है कि किसे कितनी सीटें मिलेंगी। यही सबसे भ्रामक भी है। असली सवाल यह है — फैसला कौन करेगा ? परिसीमन कब होगा ? किस जनगणना से होगा ? संसदीय क्षेत्रों का नक्शा किस तरह खिंचेगा और इसे कौन तय करेगा ? अप्रैल वाले बिल में भाजपा ने ये सभी चाबियां अपनी जेब में रखी थीं। इस बार भी वही है। अर्थात् बीजेपी इस खेल में अंपायर भी थी और खिलाड़ी भी है। अब तक हर जनगणना के बाद परिसीमन करना संवैधानिक बाध्यता थी। कोई सरकार चाहे या न चाहे, तय वक़्त पर ऐसा करना पड़ता था। अप्रैल वाले बिल में इसके साथ खिलवाड़ किया गया — कब होगा और किस जनगणना से होगा, यह सरकार तय कर रही थी। इसका मतलब सरकार चाहती है कि यह फैसला साधारण बहुमत का फैसला बनकर रह जाए। जो पार्टी जीतेगी, वही तय करेगी कि अगली दफ़ा नक्शे में कब और कैसे फेरबदल करना है। संवैधानिक प्रावधानों को बहुमत की मर्ज़ी में बदलने की पुरजोर कोशिश लगातार चल रही है। नए बिल में ये प्रावधान रहेंगे या बदलेंगे, यह बिल देखने वाले लोग बेहतर बता पाएंगे । महिला आरक्षण की आड़ में परिसीमन की तैयारी? 2011 की जनगणना को आधार बनाने पर मोदी सरकार की मंशा पर उठे सवाल 1976 में बयालीसवें संशोधन ने 1971 की जनगणना के आधार पर सीटें फ्रीज़ कीं। 2001 में 84 वें संशोधन ने यह रोक 2026 के बाद की पहली जनगणना तक बढ़ा दी। अब मोदी सरकार चाहती है कि पिछले संवैधानिक संशोधन को ताक पर रखते हुए 2011 की जनगणना के आधार पर ही परिसीमन हो जाए इस पूरे पैकेज में महिला आरक्षण को ढाल बनाया गया है। इसका विरोध कोई नही कर रहा है— इसलिए परिसीमन बिल को बार-बार उसके साथ बांधा जा रहा है। अगर कोई परिसीमन बिल का विरोध करता है तो पालतू और गोदी मीडिया उसे महिला आरक्षण बिल का विरोध बता देता है। पिछली बार सबने यह नंगा नाच देखा था। मूल बात परिसीमन की है, हल्ला महिलाओं के नाम पर मचाया जाता है। अगर मक़सद सिर्फ़ आरक्षण लागू करना है, तो मौजूदा 543 सीटों में से एक-तिहाई आरक्षित की जा सकती थीं। लोक सभा सदन को डेढ़ गुना करने की इसके लिए कोई ज़रुरत ही नही थी। आखिर 2011 की जनगणना के आंकड़ों पर इतना ज़ोर क्यों है? नई जनगणना की गिनती कुछ ही महीनों में होनी है। नियम के हिसाब से परिसीमन उसी आधार पर होना चाहिए था।15 वर्ष पुराने आंकड़ों से 2051 तक सीटों की संख्या और नक्शे को फ्रीज़ करने की जल्दबाज़ी का कोई ठोस कारण अब तक नही बताया गया है। इसका कारण शायद आंकड़ों में नही,जाति में छिपा है। 2027 की जनगणना में पिछड़ी जातियों की असली संख्या सामने आएगी। 2011 पर परिसीमन का मतलब है कि इन आंकड़ों का असर सीटों पर अगले चक्र तक नही पड़ेगा। वहीं पिछड़े वर्ग की महिलाओं के आरक्षण की मांग भी तब तक दबी रहेगी। इसलिए यह जल्दबाज़ी नही,भाजपा की रणनीति है। परिसीमन पर दक्षिणी राज्यों की चिंता बरकरार: सीटें बढ़ने के बावजूद उत्तर भारत को मिलेगा ज्यादा राजनीतिक फायदा, राज्यों के भीतर भी बढ़ेगी खींचतान 1976 और 2001 में देश ने एक तरह से दक्षिण भारतीय राज्यों से कहा था — आबादी पर क़ाबू पाओ,तुम्हें इसका नुकसान नही होगा। तकनीकी बात यही है। दक्षिण भारतीय राज्यों ने बात मानी, राष्ट्रीय जनसंख्या नियंत्रण नीति अर्थात् परिवार नियोजन अपनाया। अप्रैल वाले बिल ने दक्षिण की सफलता को उसकी सज़ा में बदल दिया। इसी आधार पर उनकी हिस्सेदारी घटाने का आधार रखा गया। यह संघीय ढांचे के दिए भरोसे को तोड़ना है। दक्षिण भारतीय राज्यों ने विरोध किया, तो अब सरकार ने आनुपातिक बढ़ोतरी का नया जुमला पेश किया। नया फ़ॉर्मूला कहता है कि सबकी सीटों में बराबर पचास प्रतिशत की बढ़ोतरी होगी — अर्थात् आनुपातिक तौर पर हर राज्य की हिस्सेदारी जस की तस बनी रहेगी। यहीं पर एक बारीक खेल है। “सीटें नहीं घटेंगी” वाला तर्क अपने आप में भ्रम है, क्योंकि राजनीति प्रतिशत से तय नही होती है — यह संख्या से चलती है। केरल को दस नई सीटें मिलेंगी,लेकिन उत्तर प्रदेश को चालीस। दोनों के बीच का फ़ासला साठ से बढ़कर नब्बे हो जाएगा। अनुमान यह है कि हिंदी पट्टी के राज्यों को कुल एक सौ चार नई सीटें मिलेंगी,जबकि दक्षिणी राज्यों को सिर्फ़ अड़तीस। सरकार बनाने के लिए संख्या को साधना होता है — अनुपात का क्या अचार डाला जाएगा ? हार के बाद डीएमके जैसी पार्टियां भाजपा के इस अरेंजमेंट को सहमति देती नज़र आ रही हैं। इस पर स्टालिन से क्या डील हुई है, यह तो भविष्य ही बताएगा।इस बिल का एक प्रचलित तर्क यह है कि ज़्यादा सांसद मतलब ज़्यादा ताक़त। उत्तर प्रदेश इस वहम का सबसे बड़ा जवाब है। उसने दशकों से देश में सबसे ज़्यादा सांसद भेजे,फिर भी वह देश के सबसे पिछड़े राज्यों की पांत में खड़ा है। ज़्यादा सीटें दिल्ली में दलों को ताक़तवर बनाती हैं, मतदाता और आम जनता को नही। असली उलटफेर तो राज्यों के भीतर होगा। उत्तर प्रदेश की अलग से चर्चा हो रही है, लेकिन ज़्यादातर राज्यों में चुनाव जाति और समुदाय के हिसाब से लड़े जाते हैं। जब हर सीट की लकीर नए सिरे से खिंचेगी, तो नक्शा खींचने वाला — या उसके साथ खड़ा दल — इसका सबसे ज़्यादा फ़ायदा उठा सकता है। राज्यों के बीच का झगड़ा फ़्रीज़ से भले सुलझ जाए, शराज्यों के भीतर का झगड़ा अभी शुरु होना है। लोकसभा की सीटें बढ़ने से कमजोर होगी राज्यसभा की ताकत? संयुक्त बैठक के गणित और मंत्रियों की संख्या बढ़ने पर उठे सवाल इस पूरी बहस में राज्यसभा का नाम लगभग किसी की ज़ुबान पर नही है, जबकि सबसे बड़ा नुकसान उसी का होना है। लोकसभा डेढ़ गुनी होगी और राज्यसभा जस की तस रहेगी — ऊपरी सदन संसद के भीतर एक कोने में धकेल दिया जाएगा। इसका नतीजा सिर्फ़ प्रतीकात्मक नही है। जब दोनों सदन किसी क़ानून पर एकमत नही होते,तो संयुक्त बैठक बुलाई जाती है। यह परंपरा कम है, पर प्रावधान तो है ही। PRS के अनुमान के मुताबिक़ बड़ी लोकसभा के बाद करीब 56 प्रतिशत लोकसभा सीटों वाली सरकार राज्यसभा में विपक्ष के दो-तिहाई बहुमत को भी पलट सकेगी। यह राज्यसभा को लगातार कमज़ोर करने की दिशा में मोदी सरकार का यह आख़िरी वार है। संयुक्त बैठकें अब तक कम हुई हैं, क्योंकि गणित कभी इतना साफ़ नही था। अब गणित फ़िट बैठ जाएगा। ऊपरी सदन का “ना” बस एक देरी बनकर रह जाएगा — वह किसी बिल को रोक नही सकेगा। यह आनेवाला कल होने वाला है। इधर दुर्दांत संघियों की ओर से एक कुतर्क दिया जा रहा है कि सांसद बढ़ेंगे तो लोगों की आवाज़ मज़बूत होगी। दिलचस्प यह है कि सांसद तो बढ़ेंगे, लेकिन उन लोगों को कौन समझाए कि संसद के घंटे नही बढ़ने वाले हैं। इसका दूसरा मतलब यह है कि बहस घटेगी, पार्टी का व्हिप बढ़ेगा और संसद क़ानून पर सोचने-विचारने की जगह कम,मुहर लगाने का अड्डा ज़्यादा बन जाएगी। बढ़ेगी मंत्रियों की संख्या भी — क़ानून के मुताबिक़ मंत्रियों की संख्या लोकसभा का पंद्रह प्रतिशत तक हो सकती है। सदन बढ़ा,तो मंत्रियों की अधिकतम संख्या 81से बढ़कर करीब 122 हो सकती है। ज़्यादा पद बांटने का मतलब है अपने खेमे के सांसदों की वफ़ादारी आसानी से ख़रीदना। इसलिए यह प्रतिनिधित्व का नही,कार्यपालिका का विस्तार है। संघीय ढांचे पर मंडराता खतरा – भाजपा की मंशा पर उठे सवाल यह भी याद रखना जरुरी है कि परिसीमन कोई अलग प्रोजेक्ट नही है। भाजपा के सिलसिले की यह एक कड़ी भर है। पलटकर देखिए। जम्मू-कश्मीर का दर्जा छीनना, राज्यपालों और चुनी हुई सरकारों का टकराव, राज्यों का पैसे के लिए कतार में खड़ा होना सब एक ही दिशा में जाते हैं। दिशा यह है कि केंद्र की भाजपा सरकार ने अपनी ताक़त में विस्तार किया है, राज्यों की ताक़त को कमजोर है। अप्रैल की हार एक सबक़ थी। संविधान ने दो-तिहाई बहुमत की शर्त इसीलिए रखी थी कि संघ की बनावट कोई एक दल अकेले न बदल सके। सरकार ने इससे सिर्फ़ इतनी सबक़ ली कि उसने फ़ॉर्मूला बदल दिया — तरीक़ा नही। अब तक भाजपा सिर्फ़ संख्या बल साधने में जुटी थी। परिसीमन पर जो तकनीकी आपत्तियां थीं,उन्हें ठीक करने का उसका न कोई इरादा था, न उसने कोई कोशिश की है। भाजपा ने तोड़-फोड़ करके कुछ संख्या अपने पास हासिल की और आनन-फानन में संसद की बैठक बुला ली। दक्षिण के राज्यों ने आबादी रोककर देश को सबक़ दिया था — कि विकास सिर्फ़ गिनती से नही,संतुलन से होता है। अब वही संतुलन तोड़कर नये नक्शे खींचे जा रहे हैं,जिन पर 2051 तक मुहर लगेगी। इतिहास गवाह है — जब संघवाद को बहुमत की कुर्सी के नीचे रौंदा जाता है, तो लोकतंत्र का शोर थोड़ी देर के लिए दब जाता है, पर उसका हिसाब बाद में चुकता करना पड़ता है। सवाल यह नही कि इस बार किसे कितनी सीटें मिलेंगी।अब सवाल यह है कि जब नक्शा खींचने वाला खुद मैदान में होगा,तो मैदान में बचे लोगों की औक़ात क्या बचेगी।लक्ष्मीनारायण मुंडारांची।लेखक आदिवासी सामाजिक कार्यकर्ता और आंदोलनकारी हैं। नोट: यह लेखक के निजी विचार हैं। News-Net का सहमत होना जरूरी नहीं। हम असहमति के साहस और सहमति के विवेक का भी सम्मान करते हैं। Post navigation लोकसभा की सीटों में 50 प्रतिशत तक बढ़ोतरी को कैबिनेट की मंजूरी, 2050 तक लागू रहेगी नई सीमा