रजरप्पा मंदिर में पूजा करने जा रहा था परिवार, स्कॉर्पियो की अज्ञात वाहन से हुई जोरदार टक्कर; एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल झारखंड के रामगढ़ जिले में शनिवार की देर रात एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के 13 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। यह दुर्घटना कुजू ओपी क्षेत्र के अंतर्गत एनएच-33 रांची-पटना मुख्य मार्ग पर पैंकी गांव के पास रात करीब 1:30 बजे हुई। हादसा इतना भयानक था कि स्कॉर्पियो गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बिहार के नालंदा जिले के बेन थाना क्षेत्र स्थित जंघारो गांव का एक परिवार स्कॉर्पियो (BR 21P 6331) से झारखंड के प्रसिद्ध रजरप्पा मंदिर में पूजा-अर्चना करने आ रहा था। वाहन में परिवार के कुल 14 सदस्य सवार थे। इसी दौरान पैंकी गांव के पास स्कॉर्पियो आगे चल रहे एक अज्ञात वाहन से पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में सवार लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। इस दुर्घटना में चार महिलाओं, पांच पुरुषों और चार मासूम बच्चों समेत कुल 13 लोगों की जान चली गई। वहीं, एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। एक ही परिवार के इतने लोगों की मौत से हर कोई स्तब्ध है। खुशी के मौके पर रजरप्पा मंदिर जा रहा था परिवार बताया जा रहा है कि परिवार के सदस्य विवेक कुमार की पत्नी को सरकारी शिक्षक की नौकरी मिलने की खुशी में सभी लोग रजरप्पा मंदिर में पूजा-अर्चना करने जा रहे थे। परिवार के लिए यह यात्रा बेहद खास थी। विवेक कुमार के निजी स्कूल का संचालन करने की भी जानकारी सामने आई है। परिवार के लोग नौकरी मिलने की खुशी में भगवान का आशीर्वाद लेने निकले थे, लेकिन रास्ते में हुए इस भीषण हादसे ने उनकी खुशियों को पलभर में मातम में बदल दिया। जिस घर में खुशियां मनाने की तैयारी थी, वहां अब अपनों को खोने का गम छा गया है। इस हृदयविदारक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। Post navigation नौकरी का झांसा देकर पांच नाबालिग बच्चियों को तमिलनाडु ले जाने की कोशिश, रांची स्टेशन पर RPF ने पकड़ा आरोपी