G-6J2VDTQNQL

नेपाल में मंगलवार सुबह एक बड़ा हेलीकॉप्टर हादसा हो गया। माउंट एवरेस्ट क्षेत्र के फेरिचे हेलीपैड पर लैंडिंग के दौरान दो हेलीकॉप्टर आपस में टकरा गए। इस दुर्घटना में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई, जबकि भारतीय मूल के न्यूजीलैंड नागरिक समेत तीन लोग घायल हो गए। घायलों में दोनों हेलीकॉप्टरों के पायलट भी शामिल हैं। हादसे के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई। राहत और बचाव अभियान शुरू कर दिया गया है। नेपाल पुलिस की शुरुआती रिपोर्ट के अनुसार, हादसा मंगलवार सुबह करीब 8:11 बजे हुआ। उस समय फिशटेल एयर और एयर डायनेस्टी के हेलीकॉप्टर फेरिचे हेलीपैड पर उतरने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान दोनों हेलीकॉप्टर आपस में टकरा गए। टक्कर इतनी गंभीर थी कि एक हेलीकॉप्टर में सवार यात्री की जान चली गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए।

नेपाल पुलिस के इंस्पेक्टर मौसम तमांग ने मृतक की पहचान वसंत कुमार बालारामरामाडु के रूप में की है। वह भारतीय नागरिक थे और फिशटेल एयर के हेलीकॉप्टर में सवार थे। हादसे में उनकी मौत हो गई। इसी हेलीकॉप्टर में भारतीय मूल के न्यूजीलैंड नागरिक शैलेश कृष्ण पटेल भी मौजूद थे। टक्कर में वह घायल हो गए। उन्हें तत्काल प्रभु हेलीकॉप्टर की मदद से काठमांडू ले जाया गया, जहां मेडिसिटी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। इस दुर्घटना में दोनों हेलीकॉप्टरों के पायलटों को भी चोटें आई हैं। जानकारी के अनुसार, फिशटेल एयर के हेलीकॉप्टर को कैप्टन प्रज्ज्वल केसी उड़ा रहे थे, जबकि एयर डायनेस्टी के हेलीकॉप्टर की कमान कैप्टन रवींद्र प्रजापति के पास थी। दोनों पायलटों को मामूली चोटें आई हैं। बेहतर इलाज के लिए उन्हें भी काठमांडू ले जाया गया है।

हादसे की सूचना मिलते ही बचाव दल सक्रिय हो गया। अधिकारियों के अनुसार, सिमरिक एयर का एक हेलीकॉप्टर घटनास्थल पर पहुंचा और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। फिलहाल दोनों हेलीकॉप्टरों में कुल कितने यात्री सवार थे, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। नेपाल पुलिस और संबंधित अधिकारी दुर्घटना के कारणों तथा अन्य जानकारियों का पता लगाने में जुटे हैं। माउंट एवरेस्ट क्षेत्र में हुए इस हादसे के बाद विमानन सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। हालांकि, दुर्घटना किस वजह से हुई, इसकी वास्तविक जानकारी जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *