G-6J2VDTQNQL

झारखंड के धनबाद जिले में मंगलवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय ने कोयला कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। सुबह करीब साढ़े पांच बजे ईडी की कई टीमों ने एक साथ जिले के 25 से अधिक ठिकानों पर छापेमारी शुरू की। अचानक हुई इस कार्रवाई से कोयला कारोबारियों और उनसे जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, ईडी की टीम चर्चित कोयला कारोबारियों, उनके सहयोगियों, रिश्तेदारों और उनसे जुड़े अन्य लोगों के घरों और व्यावसायिक परिसरों में जांच कर रही है। सभी जगहों पर स्थानीय पुलिस बल की मौजूदगी में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारियों ने सुरक्षा के बीच घरों और कार्यालयों के एक-एक कमरे की बारीकी से जांच शुरू की।

बैंक लेनदेन से लेकर संपत्ति के दस्तावेज तक खंगाल रही ईडी

सूत्रों के मुताबिक, ईडी की टीम बैंक खातों से जुड़े लेनदेन, संपत्ति के दस्तावेज, कारोबारी रिकॉर्ड, नकदी के लेनदेन और अन्य वित्तीय कागजातों की जांच कर रही है। जांच के दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की भी पड़ताल की जा रही है। हालांकि, अभी तक ईडी की ओर से आधिकारिक तौर पर किसी बरामदगी की जानकारी नहीं दी गई है। इस कार्रवाई की जद में धनबाद नगर निगम के डिप्टी मेयर अरुण चौहान के भाई हरेंद्र चौहान भी आए हैं। ईडी की टीम पश्चिम बंगाल और रांची नंबर की गाड़ियों से लोयाबाद के कनकनी स्थित उनके आवास पहुंची। वहां दोनों आवासों को अपने कब्जे में लेकर कमरे-दर-कमरे तलाशी ली गई। जांच के दौरान किसी भी बाहरी व्यक्ति को परिसर में प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई।

गेट नहीं खुला तो सीढ़ी लगाकर घर में घुसी ईडी

छापेमारी के दौरान एक जगह ईडी की टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ी। बताया गया कि एक कोयला कारोबारी के रिश्तेदार के घर का दरवाजा काफी देर तक नहीं खोला गया। इसके बाद अधिकारियों ने सीढ़ी लगाकर घर की दीवार पार की और अंदर प्रवेश कर तलाशी शुरू की। यह दृश्य इलाके में चर्चा का विषय बन गया और बड़ी संख्या में लोग आसपास जमा हो गए। ईडी की कार्रवाई धनबाद के कई इलाकों में एक साथ चल रही है। झरिया में यादव बंधुओं से जुड़े परिसरों पर तलाशी ली जा रही है। केंदुआ में मंडल बंधुओं के ठिकानों की भी जांच चल रही है। वहीं लोयाबाद में चौहान ब्रदर्स से जुड़े परिसरों में दस्तावेजों की जांच की जा रही है। इसके अलावा मेमको मोड़ स्थित नालंदा कॉटेज में एक कोयला कारोबारी के आवास पर भी मंगलवार सुबह से ईडी की टीम मौजूद है और वहां भी तलाशी अभियान जारी है। फिलहाल सभी स्थानों पर ईडी की कार्रवाई जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि एजेंसी को क्या-क्या दस्तावेज, डिजिटल रिकॉर्ड या अन्य साक्ष्य मिले हैं और आगे इस मामले में क्या कार्रवाई की जाएगी। धनबाद में एक साथ हुई इस बड़ी छापेमारी के बाद पूरे कोयला कारोबार से जुड़े लोगों के बीच हलचल तेज हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *