G-6J2VDTQNQL

सावन माह की पहली सोमवारी के अवसर पर बाबा बैद्यनाथ धाम में सोमवार सुबह से ही शिवभक्तों का जनसैलाब उमड़ पड़ा है। मंदिर परिसर, रूट लाइन और आसपास के पूरे क्षेत्र में हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से माहौल भक्तिमय हो गया है। देश के अलग-अलग राज्यों से लाखों कांवरिये और श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथ के जलाभिषेक के लिए देवघर पहुंचे है।

जिला प्रशासन के अनुसार, पहली सोमवारी पर शाम तक दो लाख से अधिक श्रद्धालुओं के देवघर पहुंचने का अनुमान है। सुबह से ही लंबी कतारों में खड़े श्रद्धालु अपनी बारी का इंतजार करते हुए बाबा के दर्शन और जलार्पण के लिए आगे बढ़ रहे हैं । श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के व्यापक इंतजाम किए हैं। मंदिर परिसर और मेला क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल, दंडाधिकारी और स्वयंसेवकों की तैनाती की गई है, ताकि किसी भी तरह की अव्यवस्था न हो। इसके साथ ही प्रशासन ने तकनीक आधारित निगरानी व्यवस्था भी लागू की है। सीसीटीवी कैमरों और कंट्रोल रूम के माध्यम से पूरे मेला क्षेत्र पर लगातार नजर रखी जा रही है। इससे भीड़ को नियंत्रित करने और श्रद्धालुओं को सुरक्षित व सुगम तरीके से जलार्पण कराने में मदद मिल रही है। मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं से निर्धारित कतार का पालन करने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की है। चिकित्सा, पेयजल, साफ-सफाई, विश्राम स्थल और अन्य जरूरी सुविधाओं की भी विशेष व्यवस्था की गई है। सुबह से ही देवघर की सड़कों पर बोल बम के जयघोष सुनाई दे रहे हैं। भगवा वस्त्र पहने कांवरिये पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ बाबा बैद्यनाथ के दर्शन के लिए आगे बढ़ रहे हैं। पहली सोमवारी को लेकर पूरे शहर में धार्मिक उत्साह का माहौल है। प्रशासन का मानना है कि जैसे-जैसे दिन आगे बढ़ेगा, श्रद्धालुओं की संख्या में और बढ़ोतरी होगी। दोपहर और शाम तक बाबा बैद्यनाथ धाम में दो लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई गई है। प्रशासन का दावा है कि सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुगम तरीके से जलार्पण कराने के लिए हर जरूरी व्यवस्था की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *