G-6J2VDTQNQL

बिहार में शराबबंदी कानून लागू होने के बावजूद शराब की तस्करी के प्रयास लगातार सामने आ रहे हैं। इसी बीच बक्सर उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 37 लाख रुपये से अधिक कीमत की विदेशी शराब की बड़ी खेप बरामद की है। इस कार्रवाई में शराब से भरे एक कंटेनर को जब्त किया गया है और उसके चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई गंगा सेतु स्थित वीर कुंवर सिंह चेक पोस्ट पर नियमित वाहन जांच के दौरान की गई। उत्पाद विभाग की टीम सभी आने-जाने वाले वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध कंटेनर को रोककर उसकी तलाशी ली गई। जांच के दौरान कंटेनर के अंदर बड़ी मात्रा में विदेशी शराब छिपाकर रखी गई थी।

मध्य प्रदेश से बिहार पहुंच रही थी शराब, रास्ते में पकड़ा गया कंटेनर

अधिकारियों ने कंटेनर से 349 पेटी विदेशी शराब बरामद की। इसमें कुल 3,087 लीटर शराब थी, जिसकी अनुमानित कीमत 37 लाख 4 हजार 400 रुपये बताई जा रही है। शराब बरामद होने के बाद मौके पर ही कंटेनर को जब्त कर लिया गया और चालक को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार चालक की पहचान राजस्थान के बाड़मेर जिले के रहने वाले 31 वर्षीय मुला राम के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान उसने बताया कि शराब की यह खेप मध्य प्रदेश से पटना ले जाई जा रही थी। हालांकि पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस तस्करी के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं और शराब किसके कहने पर बिहार लाई जा रही थी। उत्पाद विभाग ने कंटेनर और शराब दोनों को अपने कब्जे में लेकर चालक के खिलाफ शराबबंदी कानून के तहत मामला दर्ज कर लिया है। इसके साथ ही पूरे नेटवर्क की जांच शुरू कर दी गई है। उत्पाद अधीक्षक ने बताया कि बिहार में शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू करने के लिए सीमावर्ती इलाकों और प्रमुख चेक पोस्टों पर लगातार वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि तस्करी में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर जल्द उनके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि बिहार में शराब की अवैध तस्करी रोकने के लिए लगातार निगरानी बढ़ाई जा रही है और भविष्य में भी इस तरह के अभियान जारी रहेंगे, ताकि शराबबंदी कानून का प्रभावी ढंग से पालन सुनिश्चित किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *