झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गुरुवार को कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत अपना एसआईआर प्रपत्र भरकर जमा किया। इस दौरान उन्होंने राज्य के सभी पात्र मतदाताओं से अपील की कि वे तय समय सीमा के भीतर अपना फॉर्म भरकर मतदाता सूची में दर्ज अपने विवरण का सत्यापन जरूर कराएं। हर पात्र मतदाता समय पर कराएं अपना सत्यापन, मजबूत होगा लोकतंत्र – हेमंत सोरेन मुख्यमंत्री ने कहा कि मतदान का अधिकार हर नागरिक का सबसे महत्वपूर्ण लोकतांत्रिक अधिकार है। इसे सुरक्षित रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सही और अद्यतन मतदाता सूची से ही निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव संभव हो सकते हैं। इसलिए सभी लोगों को इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए। हेमंत सोरेन ने लोगों से यह भी अपील की कि वे सिर्फ अपना फॉर्म भरने तक सीमित न रहें, बल्कि अपने परिवार, पड़ोस और आसपास के अन्य पात्र मतदाताओं को भी इस प्रक्रिया में शामिल होने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से ही मतदाता सूची को पूरी तरह सही और त्रुटिरहित बनाया जा सकता है। मुख्यमंत्री की मौजूदगी में निर्वाचन विभाग के अधिकारियों ने एसआईआर की प्रक्रिया पूरी कराई। बूथ स्तरीय अधिकारी ने मुख्यमंत्री का एन्यूमरेशन प्रपत्र भरवाया और उसे जमा कराया। इस दौरान विधायक कल्पना सोरेन ने भी अपना एसआईआर प्रपत्र भरकर जमा किया। राज्य में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत बूथ स्तरीय अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर मतदाताओं को एन्यूमरेशन फॉर्म उपलब्ध करा रहे हैं। साथ ही मतदाताओं के नाम, पता और अन्य जानकारियों का सत्यापन भी किया जा रहा है। निर्वाचन विभाग के अनुसार इस अभियान का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची को पूरी तरह सही, अद्यतन और पारदर्शी बनाना है, ताकि भविष्य में होने वाले चुनाव निष्पक्ष और सुचारू रूप से कराए जा सकें। प्रशासन ने सभी पात्र मतदाताओं से समय पर अपना सत्यापन पूरा कराने की अपील की है। Post navigation बिगड़ी कानून व्यवस्था के लिए सरकार जिम्मेदार – बाबूलाल मरांडी