G-6J2VDTQNQL

पूर्व प्रधानमंत्री, भारत रत्न और झारखंड के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर भाजपा नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। विधानसभा परिसर में स्थित अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पर नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी और भाजपा के संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस मौके पर नेताओं ने देश के लिए अटल बिहारी वाजपेयी के योगदान को याद किया और उनके बताए रास्ते पर चलने का संकल्प लिया। बाबूलाल मरांडी ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी भारतीय राजनीति के ऐसे नेता थे, जिन्हें सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों के लोग सम्मान देते थे। उनकी राजनीतिक शैली, सरल व्यवहार और विनम्रता के कारण सभी वर्ग के लोग उनसे प्रभावित थे। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने देशहित को हमेशा राजनीति से ऊपर रखा। उन्होंने सत्ता की चिंता किए बिना पोखरण में परमाणु परीक्षण का फैसला लिया और पूरी दुनिया को भारत की ताकत का एहसास कराया। उनका उद्देश्य भारत को मजबूत, सुरक्षित और समृद्ध देश बनाना था। उन्होंने अपना पूरा जीवन देश की सेवा में लगा दिया।

बाबूलाल मरांडी ने कहा कि झारखंड की चर्चा अटल बिहारी वाजपेयी के योगदान के बिना पूरी नहीं हो सकती। उन्होंने कहा कि झारखंड को अलग राज्य का दर्जा दिलाने में अटल बिहारी वाजपेयी की बड़ी भूमिका रही। उन्होंने कहा कि अलग झारखंड राज्य के गठन की राह आसान नहीं थी। राज्य के बंटवारे को लेकर कई तरह की राजनीतिक रुकावटें और विरोध सामने आए थे। ऐसे समय में अटल बिहारी वाजपेयी ने आगे बढ़कर अलग झारखंड राज्य के गठन का रास्ता साफ किया. अटल बिहारी वाजपेयी के प्रयासों से झारखंड को अलग राज्य का दर्जा मिला। उन्होंने कहा कि झारखंड की जनता अटल बिहारी वाजपेयी के योगदान को हमेशा याद रखेगी और पूरा झारखंड उनका ऋणी रहेगा।

भाजपा के संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने अटल बिहारी वाजपेयी को दूरदर्शी और असाधारण व्यक्तित्व वाला राजनेता बताया। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी का पूरा जीवन राष्ट्रसेवा, सुशासन और जनकल्याण के लिए समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि अटल जी ने देश की उन्नति और समृद्धि के लिए अपना पूरा जीवन लगा दिया। उनके विचार, आदर्श और देश के प्रति समर्पण आने वाली पीढ़ियों को भी प्रेरणा देते रहेंगे। श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान भाजपा नेताओं ने अटल बिहारी वाजपेयी के विचारों और आदर्शों को याद किया। नेताओं ने कहा कि देशहित को सर्वोपरि रखते हुए उनके बताए रास्ते पर चलना ही अटल जी को सच्ची श्रद्धांजलि होगी। कार्यक्रम में महापौर रोशनी खलको, पूर्व प्रदेश मंत्री सुबोध सिंह गुड्डु, प्रदेश प्रवक्ता संदीप वर्मा, महानगर अध्यक्ष वरुण कुमार साहू, ललित ओझा, जितेंद्र वर्मा, बलराम सिंह समेत कई भाजपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *