झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा की ओर से रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री को ‘रांची गौरव सम्मान’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें रांची में झारखंड आंदोलनकारियों के साथ-साथ आदिवासी, गरीब, अल्पसंख्यक, दलित और असहाय लोगों के हित में बेहतर कार्य करने तथा सामाजिक सौहार्द बनाए रखने में योगदान के लिए दिया गया। प्रशासनिक जिम्मेदारियों के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों के प्रति सक्रियता सराहनीय इस अवसर पर झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा के सदस्यों ने कहा कि उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने रांची में सभी वर्गों के लोगों के प्रति संवेदनशीलता के साथ काम किया है। उन्होंने जाति और धर्म की भावनाओं से ऊपर उठकर आम लोगों की समस्याओं को समझने और उनके समाधान की दिशा में काम करने का प्रयास किया है। आंदोलनकारियों ने कहा कि प्रशासनिक जिम्मेदारियों के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों के प्रति उनकी सक्रियता सराहनीय है। मोर्चा के सदस्यों ने कहा कि समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्गों के प्रति संवेदनशील रवैया रखने वाले अधिकारियों का सम्मान करना जरूरी है। इससे जनसेवा के कार्यों को और बढ़ावा मिलता है तथा आम लोगों और प्रशासन के बीच विश्वास मजबूत होता है। सम्मान समारोह के दौरान आंदोलनकारियों ने उपायुक्त के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि रांची में सामाजिक एकता, आपसी भाईचारा और सौहार्द बनाए रखने के लिए सभी वर्गों को साथ लेकर चलने की जरूरत है। उन्होंने उम्मीद जताई कि मंजूनाथ भजंत्री आगे भी इसी तरह पूरी तन्मयता के साथ लोगों की सेवा करते रहेंगे। कार्यक्रम में झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा के संस्थापक प्रधान सचिव पुष्कर महतो, दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल के प्रभारी अन्थन लकड़ा, जिला सचिव अमर भेंगरा, फारूक अहमद, रंजीनी कंडुलना, बेला बलवंती एक्का और परमजीत सिंह चाना सहित अन्य लोग प्रमुख रूप से उपस्थित थे। Post navigation MMDR पर कांग्रेस-झामुमो की राजनीति से छात्रों के सवाल खत्म नहीं होंगे – आदित्य साहू