करमा पर्व 2026 को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त रांची मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर शुक्रवार को प्रमुख सरना समितियों और उनके प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पर्व के दौरान सुरक्षा, साफ-सफाई, बिजली, विधि-व्यवस्था और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। समाहरणालय ब्लॉक-ए स्थित अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) के कार्यालय कक्ष में आयोजित बैठक की संयुक्त रूप से अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) धनंजय और अनुमंडल पदाधिकारी सदर रांची कुमार रजत ने अध्यक्षता की। बैठक में केंद्रीय सरना समिति के अध्यक्ष अजय तिर्की, आदिवासी समन्वय समिति के संयोजक लक्ष्मी नारायण मुंडा, केंद्रीय सरना समिति के अध्यक्ष बबलू मुंडा, केंद्रीय सरना संघर्ष समिति के अध्यक्ष शिवा कच्छप, जगलाल हेम्ब्रम, ज्योत्सना करकेट्टा, केंद्रीय घुमक्कड़िया करम टोली चौक छोटा नागपुर सरना समिति नामकुम के सचिव सहित जिले की अन्य प्रमुख सरना समितियों के पदाधिकारी और प्रतिनिधि मौजूद रहे। करमा पर्व को बेहतर और भव्य तरीके से आयोजित कराने के लिए प्रशासन के सामने कई मांगें रखी गयी बैठक के दौरान सरना समितियों के प्रतिनिधियों ने करमा पर्व को बेहतर और भव्य तरीके से आयोजित कराने के लिए प्रशासन के सामने कई मांगें रखीं। प्रतिनिधियों ने करमा पूजा स्थलों की साफ-सफाई समय पर कराने की मांग की। इसके अलावा पूजा स्थलों और अखड़ा के आसपास पर्याप्त बिजली व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। प्रतिनिधियों ने करमा पर्व के दौरान अखड़ा और प्रमुख पूजा स्थलों पर पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने की मांग की, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो और विधि-व्यवस्था बनी रहे। पर्व के दौरान शराब की बिक्री और सेवन पर रोक लगाने की मांग भी बैठक में रखी गई। इसके साथ ही करमा पर्व करने वाले श्रद्धालुओं को साड़ी और धोती उपलब्ध कराने का अनुरोध भी सरना समितियों की ओर से किया गया। अधिकारियों ने सभी प्रतिनिधियों की बातों को गंभीरता से सुना और पर्व की तैयारियों में प्रशासन की ओर से आवश्यक सहयोग और बेहतर समन्वय का भरोसा दिया। अधिकारियों ने कहा कि करमा पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और इसकी सांस्कृतिक गरिमा के अनुरूप संपन्न कराने के लिए सभी संबंधित पक्षों के बीच बेहतर तालमेल जरूरी है। बैठक में इस बात पर भी जोर दिया गया कि करमा पर्व के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो और श्रद्धालुओं को पूजा-पाठ तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों के दौरान सुरक्षित माहौल मिले। प्रशासन और सरना समितियां मिलकर पर्व की तैयारियों को आगे बढ़ाएंगी। करमा पर्व की सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए आयोजित यह बैठक महत्वपूर्ण मानी जा रही है। Post navigation आज ही निपटा लें जरूरी काम, बैंक कर्मचारियों की हड़ताल कल, लगातार 3 दिन प्रभावित रहेगा बैंकिंग कामकाज