G-6J2VDTQNQL

राजधानी रांची में बढ़ते अपराध पर रोक लगाने और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए गुरुवार देर रात पुलिस और जिला प्रशासन ने शहर के कई बार, पब और रेस्टोरेंट में एक साथ छापेमारी की। यह अभियान एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर सिटी एसपी पारस राणा के नेतृत्व में चलाया गया। अचानक हुई इस कार्रवाई से बार और पब संचालकों में हड़कंप मच गया। पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने शहर के कई नामी बार और पब की जांच की। इस दौरान कई जगहों पर नियमों का उल्लंघन सामने आया। अधिकारियों के अनुसार, लंबे समय से शिकायत मिल रही थी कि कुछ बार और रेस्टोरेंट में नियमों की अनदेखी कर युवाओं को शराब और अन्य नशीले पदार्थ परोसे जा रहे हैं।

नाबालिग मिले तो पुलिस भी रह गई हैरान, अपराध रोकने के लिए चलाया गया अभियान

छापेमारी के दौरान पुलिस उस समय हैरान रह गई जब कई बार और पब में नाबालिग लड़के और लड़कियां मौजूद मिले। जांच में यह भी सामने आया कि कुछ नाबालिग नशीले पदार्थों का सेवन कर रहे थे। कानून के अनुसार किसी भी बार या पब में नाबालिगों का प्रवेश कराना या उन्हें शराब और अन्य नशीले पदार्थ देना पूरी तरह गैरकानूनी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य शहर में बढ़ते अपराध पर नियंत्रण करना और सार्वजनिक सुरक्षा को मजबूत करना है। अक्सर देर रात तक खुले रहने वाले बार और पब के बाहर मारपीट, छेड़खानी, सड़क हादसे और अन्य आपराधिक घटनाओं की शिकायतें मिलती रही हैं। इसी को देखते हुए यह विशेष अभियान चलाया गया। पुलिस का कहना है कि भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे ताकि असामाजिक तत्वों पर नजर रखी जा सके और शहर में कानून-व्यवस्था बनी रहे।

कई बार में मिले लाइसेंस और दस्तावेजों में भी गड़बड़ी, शोकॉज नोटिस और लाइसेंस रद्द करने की तैयारी

छापेमारी के दौरान सिर्फ नाबालिगों की मौजूदगी ही नहीं, बल्कि कई बार और रेस्टोरेंट में लाइसेंस और जरूरी दस्तावेजों में भी भारी गड़बड़ी मिली। जांच में पता चला कि कुछ बार तय समय के बाद भी खुले हुए थे। कई जगह क्षमता से अधिक लोगों की भीड़ मौजूद थी। वहीं कुछ संचालकों के पास उत्पाद विभाग के वैध लाइसेंस, नवीनीकरण (रिन्यूअल) के दस्तावेज या अन्य जरूरी कागजात भी पूरे नहीं मिले। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिन बार और रेस्टोरेंट में नियमों का उल्लंघन पाया गया है, उन्हें शोकॉज नोटिस जारी किया जाएगा। गंभीर मामलों में लाइसेंस रद्द करने और संबंधित प्रतिष्ठानों को सील करने की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है। प्रशासन ने साफ कहा है कि शहर का माहौल खराब करने वाले या कानून की अनदेखी करने वाले किसी भी बार, पब या रेस्टोरेंट को बख्शा नहीं जाएगा। नियमों का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *