रांची जिले के दशम फॉल थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। कांची नदी के किनारे बालू में दफन एक 17 वर्षीय किशोरी का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। हैरानी की बात यह है कि इस मामले का खुलासा किसी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि एक कुत्ते की संदिग्ध हरकत से हुआ। शव छिपाने की कोशिश नाकाम, कुत्ते ने उजागर कर दी पूरी कहानी जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह चुरगी पंचायत के सारजमडीह गांव के कुछ ग्रामीण कांची नदी के किनारे पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी नजर एक कुत्ते पर पड़ी, जो लगातार एक ही जगह बालू खोद रहा था। शुरुआत में लोगों ने इस पर ज्यादा ध्यान नहीं दिया, लेकिन जब कुत्ता काफी देर तक उसी स्थान पर खुदाई करता रहा तो ग्रामीणों को शक हुआ। ग्रामीण जब पास पहुंचे तो उन्होंने देखा कि बालू के नीचे से इंसानी शरीर का हिस्सा दिखाई दे रहा है। यह देखकर वहां मौजूद लोगों के होश उड़ गए। देखते ही देखते मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई और पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना तुरंत दशम फॉल थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने बालू हटाकर शव को बाहर निकाला। जांच के दौरान मौके पर पहुंची मृतका की मां ने शव की पहचान अपनी 17 वर्षीय बेटी हिस्सी कुमारी के रूप में की। परिजनों के अनुसार, हिस्सी कुमारी पिछले कई वर्षों से अड़की थाना क्षेत्र के बाड़ीगाड़ा गांव में अपने मामा के घर रहकर पढ़ाई और अन्य काम कर रही थी। बताया जा रहा है कि वह करीब एक सप्ताह से लापता थी। परिवार के लोग लगातार उसकी तलाश कर रहे थे, लेकिन उन्हें यह अंदाजा नहीं था कि उसकी इतनी दर्दनाक मौत हो चुकी है। पुलिस की शुरुआती जांच में हत्या की आशंका जताई जा रही है। माना जा रहा है कि हत्या के बाद अपराधियों ने अपनी पहचान छिपाने और सबूत मिटाने के लिए शव को कांची नदी किनारे बालू में दफना दिया। हालांकि हत्या किसने और क्यों की, इसका खुलासा अभी नहीं हो पाया है। पुलिस ने मामले की गहराई से जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और किशोरी के लापता होने से लेकर उसकी मौत तक की पूरी कड़ी जोड़ने का प्रयास कर रही है। Post navigation मेहनत और आत्मविश्वास का मिला इनाम, रांची की अवनी ने हासिल किए 500/500 अंक