सीबीएसई 12वीं बोर्ड परीक्षा के री-इवैल्यूएशन (दोबारा मूल्यांकन) के नतीजों में झारखंड की राजधानी रांची की छात्रा अवनी केजरीवाल ने शानदार सफलता हासिल की है। उन्होंने 500 में से पूरे 500 अंक हासिल कर न सिर्फ झारखंड बल्कि पूरे देश में अपनी पहचान बनाई है। दरअसल, सीबीएसई ने 13 मई 2026 को 12वीं बोर्ड परीक्षा का परिणाम जारी किया था। रांची की रहने वाली अवनी केजरीवाल ने कॉमर्स स्ट्रीम से परीक्षा दी थी। हालांकि परिणाम काफी अच्छा था, लेकिन अवनी को विश्वास था कि उनकी परीक्षा उम्मीद से कहीं बेहतर हुई थी और उन्हें इससे ज्यादा अंक मिलने चाहिए थे। अपने प्रदर्शन पर था पूरा भरोसा, सीधे 100 प्रतिशत तक पहुंचीं अवनी रिजल्ट देखने के बाद अवनी ने हार नहीं मानी। उन्हें अपनी मेहनत और उत्तरों पर पूरा भरोसा था। इसी विश्वास के साथ उन्होंने सीबीएसई की री-इवैल्यूएशन प्रक्रिया में आवेदन किया। उन्होंने पहले अपनी उत्तर पुस्तिका की कॉपी मंगाई और फिर मार्क्स वेरिफिकेशन तथा दोबारा मूल्यांकन के लिए आवेदन किया। सीबीएसई ने इस वर्ष छात्रों को पारदर्शिता के लिए दो चरणों में री-इवैल्यूएशन की सुविधा दी थी। पहले चरण में छात्र अपनी उत्तर पुस्तिका देख सकते थे, जबकि दूसरे चरण में वे अंकों के सत्यापन और दोबारा जांच के लिए आवेदन कर सकते थे। कॉपी की दोबारा जांच के बाद जब सीबीएसई ने 21 जून को री-इवैल्यूएशन के परिणाम जारी किए, तो अवनी के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई। उनके अंक बढ़कर 100 प्रतिशत हो गए। उन्हें सभी विषयों में पूरे अंक मिले और उन्होंने 500 में 500 अंक हासिल कर लिए। इस उपलब्धि के साथ अवनी देश की टॉप छात्रों में शामिल हो गई हैं। उनकी सफलता ने यह भी साबित किया कि अगर किसी छात्र को अपने प्रदर्शन पर भरोसा हो तो री-इवैल्यूएशन का विकल्प उसके लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित हो सकता है। परिवार और स्कूल में खुशी का माहौल, स्कूल प्रिंसिपल ने दी बधाई अवनी की इस उपलब्धि से उनके परिवार, शिक्षकों और स्कूल में खुशी की लहर है। परिवार का कहना है कि अवनी शुरू से ही पढ़ाई में मेहनती और अनुशासित रही हैं। उनकी सफलता पूरे परिवार के लिए गर्व का विषय है। डीपीएस रांची की प्रिंसिपल डॉ. जया चौहान ने अवनी की सफलता पर खुशी जताते हुए कहा कि 500 में 500 अंक प्राप्त करना एक असाधारण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि अवनी ने पूरे डीपीएस परिवार का नाम रोशन किया है। यह सफलता उनकी मेहनत, लगन और आत्मविश्वास का परिणाम है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अवनी भविष्य में भी इसी तरह सफलता की नई ऊंचाइयों को छुएंगी और अन्य छात्रों के लिए प्रेरणा बनेंगी। अवनी की यह उपलब्धि उन विद्यार्थियों के लिए भी एक संदेश है कि मेहनत के साथ आत्मविश्वास हो तो सफलता जरूर मिलती है। Post navigation NEET पेपर लीक मामले में टेलीग्राम को हाई कोर्ट से झटका, 22 जून तक प्रतिबंध रहेगा जारी लखनऊ के अलीगंज में भीषण आग – कोचिंग सेंटर समेत इमारत में 14 की मौत, कई घायल