रांची जिले में अफीम की अवैध खेती पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने नई पहल शुरू की है। इसके तहत ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को जागरूक करने के लिए आठ जागरूकता वाहन रवाना किए गए हैं। इन वाहनों के माध्यम से लोगों को अफीम की खेती से होने वाले नुकसान, इसके दुष्परिणाम और इससे जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी जाएगी। मोरहाबादी मैदान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री और वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर जागरूकता वाहनों को रवाना किया। ये वाहन जिले के अलग-अलग प्रखंडों और ग्रामीण इलाकों में जाकर लोगों को अफीम की अवैध खेती और उसके कारोबार से दूर रहने की अपील करेंगे। अफीम की खेती करने पर हो सकती है 20 साल तक की सजा जागरूकता अभियान के दौरान लोगों को बताया जाएगा कि अफीम की खेती करना या इसके लिए अपनी जमीन किसी दूसरे व्यक्ति को उपलब्ध कराना एनडीपीएस एक्ट के तहत गंभीर अपराध है। इस अपराध में 20 वर्ष तक की सजा अथवा आजीवन कारावास और जुर्माने का प्रावधान हो सकता है। जिला प्रशासन की ओर से किसानों और जमीन मालिकों से अपील की जाएगी कि अधिक कमाई के लालच में अफीम की खेती न करें। साथ ही अपनी जमीन किसी दूसरे व्यक्ति को अफीम की खेती के उद्देश्य से लीज या पट्टे पर भी न दें। लोगों को यह भी बताया जाएगा कि अफीम की अवैध खेती से जुड़ी कोई जानकारी मिलने पर इसकी सूचना पुलिस या प्रशासन को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम, पता और पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। अवैध खेती और कारोबार करने वालों पर रहेगी नजर प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अफीम की अवैध खेती और उसके कारोबार में शामिल लोगों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। इस मामले में पुलिस द्वारा आरोप पत्र दाखिल किए गए लोगों पर भी नजर रखी जाएगी। अफीम की खेती में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों को जब्त किया जाएगा। इसके अलावा अवैध खेती से कमाई गई रकम और उससे बनाई गई संपत्तियों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अफीम की खरीद-बिक्री, परिवहन और इसके अवैध कारोबार में शामिल लोगों के विरुद्ध भी कार्रवाई की जाएगी। जागरूकता वाहनों के माध्यम से ग्रामीणों को इन सभी कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी जाएगी, ताकि लोग किसी भी तरह से इस अवैध गतिविधि का हिस्सा न बनें। खेती से जमीन और जल स्रोतों को भी नुकसान अफीम की अवैध खेती का असर केवल कानून और समाज पर ही नहीं, बल्कि पर्यावरण पर भी पड़ता है। अभियान के दौरान लोगों को बताया जाएगा कि इससे जमीन की उर्वरता और उसकी उपजाऊ क्षमता प्रभावित हो सकती है। साथ ही तालाब, नदी और कुएं जैसे जल स्रोतों के दूषित होने का खतरा भी रहता है। प्रशासन के अनुसार, अफीम और इससे तैयार होने वाले नशीले पदार्थों का सेवन मानव स्वास्थ्य के लिए बेहद नुकसानदायक है। नशे की लत का सबसे अधिक असर युवा पीढ़ी पर पड़ता है। इससे व्यक्ति के साथ-साथ उसके परिवार और पूरे समाज को भी नुकसान उठाना पड़ता है। जनभागीदारी से अवैध खेती पर रोक लगाने की कोशिश जिला प्रशासन का मानना है कि केवल पुलिस कार्रवाई से अफीम की अवैध खेती पर पूरी तरह रोक लगाना संभव नहीं है। इसके लिए ग्रामीणों की भागीदारी और सहयोग भी जरूरी है। इसी उद्देश्य से जागरूकता अभियान शुरू किया गया है, ताकि लोग इसके नुकसान को समझें और अवैध खेती रोकने में प्रशासन का सहयोग करें। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण गौरव गोस्वामी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी उर्वशी पांडेय, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय-1 अमर पांडेय सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे। Post navigation रांची में मांस की दुकानों पर अब नहीं होगी कटाई, 5 दिसंबर से कांके स्लॉटर हाउस में शुरू होगा ट्रायल