बोकारो के ललपनिया में बाबा लुगुबुरू की पावन भूमि को किया नमन, संग्रहालय के जरिए नई पीढ़ी को आदिवासी इतिहास और परंपरा से जोड़ने पर दिया जोर मुख्यमंत्री ने बोकारो के ललपनिया में आयोजित लुगुबुरू घंटाबाड़ी धोरोमगढ़ राजकीय महोत्सव 2026 में शामिल होकर बाबा लुगुबुरू की पावन भूमि को नमन किया। इस दौरान उन्होंने झारखंड की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि लुगुबुरू घंटाबाड़ी धोरोमगढ़ केवल आस्था का केंद्र नहीं है, बल्कि यह आदिवासी समाज की समृद्ध संस्कृति, परंपरा और गौरवशाली इतिहास का प्रतीक भी है। उन्होंने कहा कि बाबा लुगुबुरू की छत्रछाया में मिलने वाली ऊर्जा और शक्ति सभी के लिए प्रेरणा और मार्गदर्शन का स्रोत है। यह पवित्र स्थल हमारी सांस्कृतिक पहचान से जुड़ा हुआ है। आने वाली पीढ़ियों को अपने इतिहास, परंपराओं और मूल्यों से जोड़ने में भी इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि लुगुबुरू घंटाबाड़ी धोरोमगढ़ की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान को सुरक्षित रखने के साथ-साथ इसे देश-दुनिया तक पहुंचाया जाए। इसके लिए सरकार लगातार काम कर रही है। इस पवित्र स्थल को एक प्रमुख धार्मिक और सांस्कृतिक केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में कई कदम उठाए जा रहे हैं। संग्रहालय के जरिए नई पीढ़ी जानेगी आदिवासी इतिहास मुख्यमंत्री ने बताया कि लुगुबुरू क्षेत्र में एक संग्रहालय का निर्माण कराया गया है। इसका उद्देश्य आने वाली पीढ़ियों को आदिवासी समाज के गौरवशाली इतिहास, संस्कृति और परंपराओं से परिचित कराना है। संग्रहालय के माध्यम से लोग आदिवासी समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को करीब से समझ सकेंगे। उन्होंने कहा कि किसी भी समाज की पहचान उसकी संस्कृति और परंपराओं से होती है। इसलिए इस विरासत को संरक्षित करना और नई पीढ़ी तक पहुंचाना जरूरी है। सीतानाला सहित आसपास के क्षेत्रों में हो रहे विकास कार्य मुख्यमंत्री ने कहा कि लुगुबुरू क्षेत्र के विकास के साथ-साथ सीतानाला और आसपास के अन्य इलाकों में भी कई विकास कार्य किए जा रहे हैं। कल्याण विभाग के माध्यम से विभिन्न विकास योजनाओं को पूरा किया गया है। आने वाले समय में भी यहां विकास का काम लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि सरकार का संकल्प है कि लुगुबुरू घंटाबाड़ी धोरोमगढ़ जैसे महत्वपूर्ण आस्था और सांस्कृतिक केंद्र को बेहतर सुविधाओं से जोड़ा जाए। इसके साथ ही इसकी पहचान राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्थापित की जाए, ताकि झारखंड की समृद्ध आदिवासी संस्कृति और विरासत को व्यापक पहचान मिल सके। Post navigation कोल माइंस विरोध के दौरान लापता कंपनी के चालक का जंगल में मिला, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती