शिकारीपाड़ा के बादलपाड़ा-कल्याणपुर में हिंसक झड़प के बाद करीब 24 घंटे तक लापता था अखिलेश पाल, पुलिस ने जंगल से खोज निकाला शिकारीपाड़ा के बादलपाड़ा-कल्याणपुर गांव में प्रस्तावित कोल माइंस की टेस्टिंग के विरोध में हुई हिंसक घटना के बाद लापता कंपनी के निजी चालक अखिलेश कुमार पाल को पुलिस ने खोज निकाला है। करीब 24 घंटे बाद वह घटनास्थल के पास जंगल में घायल अवस्था में मिले। उनके शरीर पर कई जगह चोटें थीं। सिर और हाथ में भी चोट लगी थी। कपड़े खून और मिट्टी से सने हुए थे। पुलिस ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया। अखिलेश पाल सिनर्जी जियोटेक प्राइवेट लिमिटेड के जनरल मैनेजर सागर सिंह मीणा के निजी चालक हैं। रविवार देर रात कोल माइंस की टेस्टिंग को लेकर ग्रामीणों और कंपनी के प्रतिनिधियों के बीच विवाद हुआ था। विरोध कर रहे ग्रामीणों ने कंपनी के जीएम सागर सिंह मीणा, अंचल अधिकारी कपिल देव ठाकुर समेत सात लोगों को बंधक बना लिया था। उन्हें छुड़ाने के लिए पुलिस टीम गांव पहुंची, लेकिन वहां हालात बिगड़ गए और पुलिस पर पथराव शुरू हो गया। पथराव में पुलिस जवान और कंपनी के अधिकारी घायल ग्रामीणों की ओर से किए गए पथराव में करीब एक दर्जन पुलिस जवान घायल हो गए थे। कंपनी के जीएम सागर सिंह मीणा को भी चोट लगी थी। पुलिस वाहन को भी निशाना बनाया गया, जिससे वह क्षतिग्रस्त हो गया। हिंसक घटना के बाद अखिलेश पाल लापता हो गए थे। उनकी तलाश में पुलिस और प्रशासन की टीम लगातार जुटी हुई थी। जंगल में घायल हालत में मिले चालक तलाशी के दौरान पुलिस को घटनास्थल के आसपास जंगल में अखिलेश पाल के होने की सूचना मिली। टीम वहां पहुंची तो वह घायल अवस्था में मिले। बताया जा रहा है कि वह पूरी रात जंगल में रहे। चोटों के कारण बाहर निकलने में परेशानी हो रही थी। बाद में उन्होंने हिम्मत जुटाकर रेंगते हुए सड़क तक पहुंचने की कोशिश की। पुलिस ने उन्हें जंगल से निकालकर शिकारीपाड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। चोटों को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए दुमका सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। परिजनों को सूचना मिलने के बाद वे भी अस्पताल पहुंचे। कोल माइंस के विरोध में हुई इस घटना के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है। अखिलेश पाल किन परिस्थितियों में जंगल पहुंचे और उन्हें चोटें कैसे लगीं, इसका पता लगाया जा रहा है। घटना के बाद इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। Post navigation चतरा के बन्दा जंगल में अवैध कत्था फैक्ट्री ध्वस्त, 40 किलो कत्था जब्त; तस्कर फरार लुगुबुरू महोत्सव में बोले हेमंत सोरेन- आदिवासी संस्कृति और विरासत को विश्व पटल पर दिलाएंगे पहचान