G-6J2VDTQNQL

मेदिनीनगर के नावाटोली इलाके में एक महिला की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान साधना सिंह के रूप में हुई है। अपराधियों ने महिला के सिर पर चाकू से पांच से छह बार वार किया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना बुधवार देर रात की बताई जा रही है। गुरुवार सुबह करीब 11 बजे के बाद इस हत्याकांड का खुलासा हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार, साधना सिंह के पति जमशेदपुर में नौकरी करते हैं, जबकि उनकी बेटी भी घर से बाहर रहकर पढ़ाई करती है। घटना के समय महिला अपने घर में अकेली थी। घर में रहने वाले किराएदारों ने जब उन्हें फोन किया तो उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया। बताया जाता है कि किराएदारों को मोटर चालू करवाना था, जिसके लिए वे लगातार साधना सिंह को फोन कर रहे थे। काफी देर तक फोन नहीं उठाने पर उन्हें संदेह हुआ। इसके बाद किराएदारों ने घर का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। अंदर पहुंचने पर उन्होंने साधना सिंह को मृत अवस्था में पाया। महिला के सिर पर चाकू से कई वार किए गए थे। इसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलने पर टाउन थाना प्रभारी ज्योतिलाल रजवार के नेतृत्व में पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने घर का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। मामले में पुलिस ने एक युवक को संदिग्ध मानते हुए हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है। टाउन थाना प्रभारी ज्योतिलाल रजवार ने बताया कि शुरुआती जांच में प्रेम प्रसंग के कारण हत्या किए जाने की आशंका सामने आई है। हालांकि, हत्या के पीछे की असली वजह का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। इधर, मृतका की बड़ी बहन संध्या कुमारी ने एक युवक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि साधना सिंह का राजा अंसारी उर्फ यूनुस अंसारी नाम के युवक के साथ संबंध था। वह युवक पेशे से प्लंबर है और कथित तौर पर साधना को लगातार धमकी दे रहा था। संध्या कुमारी के अनुसार, अगस्त महीने में तीज के दौरान भी दोनों के बीच विवाद हुआ था। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। हिरासत में लिए गए युवक से पूछताछ के साथ ही घटना से जुड़े अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही हत्या की वजह और इसमें शामिल लोगों की भूमिका स्पष्ट हो पाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *