बिहार के मधुबनी जिले में एक पुलिसकर्मी की हरकत से गांव में सनसनी फैल गई। बाबूबरही थाना क्षेत्र के बलिराजगढ़ गांव में एक ASI को ग्रामीणों ने कथित तौर पर एक महिला के घर आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ लिया। ग्रामीणों ने जब उसे कमरे में बंद कर दिया तो वह अपना आपा खो बैठा। आरोप है कि ASI ने अपनी सर्विस रिवॉल्वर निकालकर खिड़की से ग्रामीणों पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। इस घटना में 50 वर्षीय एक ग्रामीण की मौत हो गई, जबकि एक महिला समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात के बाद आरोपी पुलिसकर्मी फरार हो गया। जानकारी के अनुसार, आरोपी ASI की पहचान चंद्रमोहन के रूप में हुई है। वह बलिराजगढ़ स्थित पुरातात्विक खुदाई स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी संभाल रहा था। ग्रामीणों का कहना है कि ASI का गांव की एक महिला के घर अक्सर आना-जाना था। उसकी गतिविधियों को लेकर आसपास के लोगों को पहले से शक था। बताया जाता है कि सोमवार की रात करीब 11 बजे ASI चंद्रमोहन फिर महिला के घर पहुंचा। इसकी भनक पड़ोसियों को लग गई। इसके बाद एक पड़ोसी महिला ने हिम्मत दिखाते हुए कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया और शोर मचाना शुरू कर दिया। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। कुछ ही देर में वहां काफी भीड़ जमा हो गई। कमरे में घिरा तो खिड़की से निकाल ली रिवॉल्वर स्थानीय निवासी ओम प्रकाश यादव के अनुसार, ग्रामीणों ने कमरे को घेर लिया था। बाहर निकलने का रास्ता बंद देखकर ASI चंद्रमोहन घबरा गया। इसी दौरान उसने अपनी सरकारी रिवॉल्वर निकाल ली और कमरे की खिड़की से बाहर मौजूद ग्रामीणों पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरोपी ने करीब पांच से छह राउंड फायरिंग की। अचानक गोलियां चलने से वहां भगदड़ मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। इस दौरान कई ग्रामीण गोलियों की चपेट में आ गए। अशोक यादव की मौके पर मौत, तीन की हालत गंभीर फायरिंग में 50 वर्षीय अशोक यादव को गोली लगी। वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़े और उनकी मौत हो गई। वहीं, तीन अन्य ग्रामीण भी गोली लगने से जख्मी हो गए। घायलों में फूलो देवी, विजेंद्र यादव और धनिक लाल यादव शामिल हैं। फूलो देवी के पेट में, विजेंद्र यादव के गले के पास और धनिक लाल यादव के पैर में गोली लगी है। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। वहां उनका इलाज जारी है। घटना के बाद गांव में तनाव और आक्रोश गोलीबारी के बाद आरोपी ASI मौके से फरार हो गया। घटना की खबर फैलते ही पूरे गांव में तनाव का माहौल बन गया। जिस पुलिसकर्मी पर लोगों की सुरक्षा की जिम्मेदारी थी, उसी पर ग्रामीणों पर गोलियां चलाने का आरोप लगने से लोगों में भारी नाराजगी है। ग्रामीणों के बीच इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। लोग आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। एक व्यक्ति की मौत और तीन लोगों के घायल होने की इस घटना ने इलाके में दहशत पैदा कर दी है। Post navigation मुजफ्फरपुर – नाला निर्माण के दौरान फटी PNG गैस पाइपलाइन, सड़क पर भड़की आग; इलाके में मची अफरातफरी