G-6J2VDTQNQL

सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर में मंगलवार देर रात वेज रोल के ऑर्डर में देरी को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी झड़प में बदल गया। इस दौरान हुई चाकूबाजी में मानगो निवासी शेखर नामक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य युवक घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। यह वारदात मंगलवार देर रात करीब 1 बजे की बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, शेखर आदित्यपुर स्थित शंभू सिंह के पूजा पंडाल में लाइटिंग का काम कर रहा था। इसी दौरान वह अपने साथी गोलू के साथ आयडा के सामने एक फास्ट फूड ठेले पर वेज रोल खाने पहुंचा। बताया जा रहा है कि वेज रोल का ऑर्डर मिलने में देरी को लेकर शेखर और दुकानदार के बीच कहासुनी शुरू हो गई। कुछ ही देर में विवाद बढ़ गया और मामला हिंसक हो गया। आरोप है कि इसी दौरान दुकानदार ने चाकू निकाल लिया। स्थिति बिगड़ने पर शेखर ने फोन कर पूजा समिति से जुड़े लोगों को मदद के लिए बुलाया। सूचना मिलने के बाद सन्नी, सागर झा और अरुण पांडे मौके पर पहुंचे। इसके बाद हुई झड़प में चाकूबाजी की घटना सामने आई, जिसमें शेखर की जान चली गई। वहीं सन्नी, सागर झा और अरुण पांडे घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और विवाद की शुरुआत से लेकर चाकूबाजी तक की परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी है। मामूली विवाद के इस तरह हिंसक रूप लेने से इलाके में लोगों के बीच चिंता का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *