गिरिडीह में दारोगा के बेटे की हत्या के बाद SIT जांच तेज, 6 से अधिक लोगों से पूछताछ; मैगी दुकानदार और आजसू छात्र संघ से जुड़े लोग भी जांच के दायरे में गिरिडीह में डुमरी-गिरिडीह मुख्य मार्ग पर बंदरकुप्पी के पास 24 वर्षीय ऋतिक यादव की हत्या के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। घटना के बाद गिरिडीह एसपी डॉ. बिमल कुमार ने मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है। सदर एसडीपीओ जीतबाहन उरांव के नेतृत्व में गठित टीम ने मामले की छानबीन और संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है। पुलिस की टीम घटना से जुड़े लोगों और संभावित आरोपितों के बारे में जानकारी जुटा रही है। पुलिस के मुताबिक, फिलहाल छह से अधिक लोगों से पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के दायरे में बंदरकुप्पी में मैगी बेचने वाला दुकानदार, आजसू छात्र संघ से जुड़े कुछ नेता और कार्यकर्ता समेत अन्य लोग शामिल हैं। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि ऋतिक का किन लोगों से विवाद हुआ था, विवाद की शुरुआत कैसे हुई और मारपीट में कौन-कौन लोग शामिल थे। पुलिस घटना से पहले ऋतिक की फोन पर हुई बातचीत और उसके बाद घटनास्थल पर मौजूद लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। क्या है पूरा मामला गिरिडीह के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के बंदरकुप्पी में गुरुवार देर रात ऋतिक यादव की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। ऋतिक की उम्र 24 वर्ष थी और वह मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के राजेंद्रनगर का रहने वाला था। उसके पिता मुसाफिर सिंह यादव झारखंड पुलिस में दारोगा के पद पर हैं और वर्तमान में बोकारो जिले के चतरोचट्टी थाना में पदस्थापित हैं। बताया गया है कि ऋतिक गुरुवार की रात अपने दो दोस्तों के साथ गिरिडीह-डुमरी मुख्य मार्ग स्थित बंदरकुप्पी में मैगी खाने गया था। इसी दौरान कुछ युवकों से किसी बात को लेकर उसका विवाद हो गया। पुलिस की शुरुआती जांच में यह बात भी सामने आ रही है कि घटनास्थल पर पहुंचने से पहले फोन पर कुछ लोगों से ऋतिक की कहासुनी हुई थी। हालांकि, विवाद की असली वजह क्या थी, इसकी पुलिस जांच कर रही है। आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद करीब 10 से 15 युवकों ने ऋतिक को घेर लिया। इसके बाद लाठी-डंडे, फरसा और लोहे की रड से उस पर हमला किया गया। हमले में ऋतिक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। अस्पताल पहुंचने से पहले बिगड़ी हालत मारपीट में गंभीर रूप से घायल ऋतिक को देर रात सदर अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। ऋतिक की मौत की खबर मिलते ही उसके परिवार में कोहराम मच गया। अस्पताल में भी परिजनों, रिश्तेदारों और परिचितों की भीड़ जुट गई। घटना की जानकारी फैलने के बाद स्थानीय लोगों में भी आक्रोश देखा गया। परिजनों और स्थानीय लोगों ने हत्या में शामिल लोगों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाते हुए विशेष जांच दल का गठन किया है। फिलहाल पुलिस पूछताछ और छापेमारी के जरिए घटना की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वारदात में कितने लोग शामिल थे और हमले के पीछे वास्तविक विवाद या वजह क्या थी। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद मामले में शामिल लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। Post navigation रांची समेत कई जिलों में भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट, डोरंडा में स्कूल बस पर गिरा पेड़