धनबाद के मधुबन थाना में बीमा क्लेम के लिए सनहा लेने पहुंचे एक व्यक्ति से 5 हजार रुपये रिश्वत मांगने के मामले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने कार्रवाई की है। एसीबी धनबाद की टीम ने थाना प्रभारी के निर्देश पर रिश्वत की रकम लेते एक व्यक्ति को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान विक्रम कुमार चौधरी के रूप में हुई है। इस मामले में मधुबन थाना प्रभारी दिपेश कुमार को प्राथमिकी अभियुक्त बनाया गया है। स्कार्पियो दुर्घटना से जुड़ा है मामला पूरा मामला एक स्कार्पियो दुर्घटना से जुड़ा है। परिवादी की स्कार्पियो (जेएच-15के-4933) 19 जुलाई 2026 को चैनपुर में दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। हादसे में वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। हालांकि, दुर्घटना में किसी व्यक्ति की मौत या घायल होने की सूचना नहीं थी। वाहन का बीमा टाटा एआईजी इंश्योरेंस कंपनी से कराया गया था। बीमा क्लेम लेने के लिए कंपनी की ओर से थाना से लिखित सनहा मांगा गया था। बताया गया कि परिवादी जब मधुबन थाना में सनहा दर्ज कराने पहुंचा तो इसके बदले 5 हजार रुपये की मांग की गई। आरोप है कि यह रकम थाना प्रभारी दिपेश कुमार की ओर से मांगी गई थी। रिश्वत की मांग से परेशान होकर परिवादी ने इसकी शिकायत एसीबी धनबाद के पुलिस अधीक्षक से की। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले की जांच शुरू की। शिकायत की सत्यापन प्रक्रिया के दौरान रिश्वत मांगे जाने की बात सही पाई गई। इसके बाद एसीबी ने आरोपियों को पकड़ने के लिए जाल बिछाया और तय योजना के तहत कार्रवाई शुरू की। थाना प्रभारी के कक्ष में बुलाया गया परिवादी को एसीबी के अनुसार, थाना प्रभारी के निर्देश पर विक्रम कुमार चौधरी ने परिवादी से 5 हजार रुपये लेने की जिम्मेदारी संभाली। रकम लेने के लिए परिवादी को थाना प्रभारी के कक्ष में बुलाया गया। जैसे ही विक्रम कुमार चौधरी ने परिवादी से रिश्वत की रकम ली, वहां मौजूद एसीबी की टीम ने उसे पकड़ लिया। एसीबी की यह कार्रवाई दंडाधिकारी और दो स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में की गई। टीम ने विक्रम कुमार चौधरी के पास से रिश्वत के 5 हजार रुपये भी बरामद किए। रंगेहाथ गिरफ्तारी के बाद एसीबी ने आरोपी से पूछताछ की और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। एसीबी अब यह पता लगाने में जुटी है कि रिश्वत की मांग और रकम लेने की पूरी प्रक्रिया में थाना प्रभारी की क्या भूमिका थी। मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है। Post navigation हक की लड़ाई में आंदोलनकारियों का हुंकार, 29 को मशाल जुलूस, 30 को झारखंड बंद, मालिकाना हक के लिए आर-पार की तैयारी – पुष्कर महतो पुलिस के सामने झुका आकाश (असीम मंडल), माओवादी संगठन को बड़ा झटका