G-6J2VDTQNQL

बिहार के पटना जिले के बाढ़ थाना क्षेत्र में चार युवकों की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों को पकड़ा है, जिनमें दो आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है, जबकि एक विधि-विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया गया है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में मुख्य आरोपी लाली कुमार ने कथित तौर पर शराब में जहरीला पदार्थ मिलाकर चारों युवकों को पिलाने की बात स्वीकार की है। हालांकि, पुलिस ने साफ किया है कि चारों की मौत वास्तव में जहरीली शराब या किसी जहरीले पदार्थ के कारण हुई, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। इसके लिए फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (FSL) की रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

पटना ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक कुंदन कुमार के मुताबिक, पूछताछ में लाली कुमार ने घटना के पीछे प्रेम प्रसंग को वजह बताया है। पुलिस के अनुसार, मृतक निशु कुमार का लाली की बहन के साथ कथित प्रेम संबंध था। इसी बात को लेकर लाली और निशु के बीच पहले से विवाद चल रहा था। लाली ने पुलिस को यह भी बताया कि निशु के साथ शराब पीने वाले तीन अन्य युवक भी उसे चिढ़ाते थे। इसी वजह से उसने चारों को निशाना बनाने की कथित तौर पर साजिश रची। पुलिस जांच में शराब के इंतजाम को लेकर भी एक कड़ी सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, लाली कुमार ने रुदल कुमार से शराब ली थी। रुदल कुमार आलू-प्याज और सब्जी बेचने का काम करता है। पुलिस का कहना है कि रुदल ने यह शराब एक विधि-विरुद्ध बालक से ली थी। जांच में यह बात भी सामने आई है कि उस बालक ने कथित तौर पर शराब सतीश उर्फ सन्नी से प्राप्त की थी। अब पुलिस सतीश उर्फ सन्नी समेत इस पूरे मामले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

पटना ग्रामीण एसपी के अनुसार, पुलिस की शुरुआती जांच में लाली कुमार को इस पूरे मामले का मुख्य षड्यंत्रकर्ता और कथित तौर पर घटना का मुख्य आरोपी माना जा रहा है। हालांकि, पुलिस अभी इस बात की वैज्ञानिक पुष्टि का इंतजार कर रही है कि शराब में वास्तव में जहरीला पदार्थ था या नहीं और अगर था तो क्या उसी के कारण चारों युवकों की मौत हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच के लिए SIT का गठन किया है। इस बीच मामले में नया विवाद भी खड़ा हो गया है। बताया गया कि मंगलवार देर रात बड़ी संख्या में ग्रामीण बाढ़ थाना पहुंचे और वहां हंगामा किया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पुलिस मामले की सही तरीके से जांच नहीं कर रही है। उनका यह भी आरोप है कि अब मामले को दूसरी दिशा में ले जाकर मामले की लीपापोती करने की कोशिश की जा रही है। ग्रामीणों ने प्रेम प्रसंग का एंगल सामने आने पर भी आपत्ति जताई। उनका आरोप है कि इस कहानी के जरिए एक परिवार को बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। ग्रामीणों ने सड़क जाम करने की भी कोशिश की, लेकिन पुलिस ने काफी देर तक समझा-बुझाकर उन्हें शांत कराया और वापस भेज दिया।

दरअसल, यह पूरा मामला 30 अगस्त का है। जानकारी के मुताबिक, एक घर में नॉनवेज खाने और शराब पीने की पार्टी हुई थी। पार्टी में चार युवक शामिल हुए थे। शराब पीने के करीब 20 से 25 मिनट बाद अचानक चारों की तबीयत बिगड़ने लगी। बताया गया कि उनके मुंह से झाग निकलने लगा और वे बेहोश हो गए। परिजनों और आसपास के लोगों ने चारों को अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन अस्पताल ले जाने के दौरान ही चारों युवकों की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी और लोगों ने इसे जहरीली शराब से जोड़कर भी देखा था। फिलहाल पुलिस की जांच कई पहलुओं पर चल रही है। एक तरफ मुख्य आरोपी के कथित कबूलनामे और प्रेम प्रसंग के एंगल की जांच हो रही है, वहीं दूसरी तरफ शराब में किसी जहरीले पदार्थ की मौजूदगी की वैज्ञानिक जांच की जा रही है। FSL रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि चारों युवकों की मौत जहरीले पदार्थ के कारण हुई या इसके पीछे कोई दूसरा कारण था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *