G-6J2VDTQNQL

भाजपा के प्रदेश पदाधिकारियों और सभी मोर्चों के अध्यक्षों की मासिक बैठक रामगढ़ स्थित भाजपा जिला कार्यालय में हुई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने की। बैठक में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी और प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। बैठक के बाद प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने मीडिया से बातचीत की। उन्होंने राज्य सरकार पर छात्रों और युवाओं के साथ अन्याय करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि छात्र पिछले 21 दिनों से शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन कर रहे हैं। छात्रों की मुख्य मांग है कि पिछले सात वर्षों में हुई सभी भर्ती परीक्षाओं की सीबीआई से जांच कराई जाए।

आदित्य साहू ने कहा कि छात्रों की मांग को सरकार गंभीरता से नहीं ले रही है। अब छात्रों ने अपने आंदोलन को और तेज करने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा छात्रों के शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक आंदोलन को नैतिक समर्थन देती है। उन्होंने राज्य सरकार से मांग की कि पिछले सात वर्षों में हुई JSSC और JPSC की सभी भर्ती परीक्षाओं की जांच सीबीआई से कराने की अनुशंसा तुरंत की जाए। आदित्य साहू ने आरोप लगाया कि पिछले सात वर्षों के दौरान JSSC और JPSC की भर्ती परीक्षाओं में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी हुई है। उन्होंने कहा कि सरकार ने युवाओं के भविष्य और नौकरी के अवसरों के साथ अन्याय किया है।उन्होंने कहा कि बारिश के मौसम में भी छात्र भूखे-प्यासे रहकर आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दे रही है। आदित्य साहू के अनुसार, अब यह मुद्दा केवल झारखंड तक सीमित नहीं रहा है, बल्कि देशभर में चर्चा का विषय बन गया है। आदित्य साहू ने कहा कि पिछले दिनों दिल्ली में एनडीए के सांसदों ने भी छात्रों के समर्थन में आवाज उठाई और पैदल मार्च किया। उन्होंने कहा कि झारखंड के छात्र जिस तरह शांतिपूर्ण और मर्यादित तरीके से अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं, सरकार को उनकी बात सुननी चाहिए। उन्होंने कांग्रेस और राहुल गांधी पर भी सवाल उठाए और कहा कि इस मामले में कांग्रेस का दोहरा रवैया सामने आया है।

आदित्य साहू ने बताया कि प्रदेश पदाधिकारियों की मासिक बैठक भाजपा की नियमित प्रक्रिया का हिस्सा है। हर महीने होने वाली इस बैठक में पार्टी के पिछले कार्यक्रमों की समीक्षा की जाती है और आने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की जाती है। बैठक में पार्टी के विभिन्न कार्यक्रमों और संगठन से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। उन्होंने बताया कि प्रदेश पदाधिकारियों की अगली बैठक दुमका में आयोजित की जाएगी। बैठक से पहले भाजपा जिला कार्यालय परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण किया गया। नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारियों ने पौधे लगाए। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह के अलावा प्रदेश के कई पदाधिकारी और विभिन्न मोर्चों के अध्यक्ष मौजूद रहे। इनमें राकेश प्रसाद, नीलकंठ सिंह मुंडा, बालमुकुंद सहाय, डॉ. प्रदीप वर्मा, सुनील सोरेन, मुनेश्वर साहू, गीता कोड़ा, गणेश मिश्रा, अमर कुमार बाउरी, मनोज सिंह सहित कई नेता शामिल थे। महिला मोर्चा की अध्यक्ष आरती सिंह, किसान मोर्चा अध्यक्ष पवन साहू, युवा मोर्चा अध्यक्ष शशांक राज, एससी मोर्चा अध्यक्ष किशुन दास और अल्पसंख्यक मोर्चा अध्यक्ष अनवर हयात समेत अन्य पदाधिकारी भी बैठक में उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *