G-6J2VDTQNQL

राजधानी रांची के हिंदपीढ़ी थाना क्षेत्र में देर रात असामाजिक तत्वों ने जमकर उत्पात मचाया। बदमाशों ने निजाम नगर स्थित मोती मस्जिद रोड और मक्का मस्जिद रोड पर खड़ी आधा दर्जन से अधिक गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि वाहन मालिकों में भारी नाराजगी देखी जा रही है।

जानकारी के अनुसार, देर रात कुछ अज्ञात बदमाश इलाके में पहुंचे और सड़क किनारे खड़ी गाड़ियों को निशाना बनाना शुरू कर दिया। बदमाशों ने एक-एक कर कई वाहनों के शीशे तोड़ दिए और मौके से फरार हो गए। घटना इतनी तेजी से हुई कि किसी को संभलने का मौका नहीं मिला। तोड़फोड़ की शिकार गाड़ियों में हुंडई वरना, टाटा नेक्सॉन, स्कॉर्पियो, सूमो समेत कई अन्य वाहन शामिल हैं। कई वाहनों के आगे और साइड के शीशे पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे वाहन मालिकों को काफी नुकसान हुआ है। सुबह जब लोग अपने घरों से बाहर निकले और गाड़ियों की हालत देखी तो इलाके में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए। लोगों ने घटना पर चिंता जताते हुए पुलिस से जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। घटना की सूचना मिलने के बाद हिंदपीढ़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि तोड़फोड़ करने वाले बदमाशों की पहचान की जा सके। साथ ही यह भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि घटना में कितने लोग शामिल थे और उनके पीछे क्या मकसद था। फिलहाल पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास किया जाएगा। घटना के बाद इलाके के लोगों ने रात में पुलिस गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *