G-6J2VDTQNQL

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के तहत आज रांची जिले के सभी मतदान केंद्रों पर मतदाता सूची का प्रारूप (ड्राफ्ट वोटर लिस्ट) प्रकाशित किया जाएगा। जिला प्रशासन ने सभी मतदाताओं से अपने-अपने मतदान केंद्र पर जाकर सूची में अपना नाम और अन्य जानकारी की जांच करने की अपील की है।

आज सभी मतदान केंद्रों पर संबंधित बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) मौजूद रहेंगे। वे मतदाताओं को सूची देखने, जानकारी समझाने और आवश्यक सहायता देने का काम करेंगे। मतदाता सूची के साथ-साथ एएसडीडी (ASDD) सूची का भी प्रकाशन किया जाएगा। इस सूची में ऐसे मतदाताओं की जानकारी होती है, जो लंबे समय से अनुपस्थित हैं, दूसरे स्थान पर चले गए हैं, जिनकी मृत्यु हो चुकी है या जिनके नाम एक से अधिक बार दर्ज हैं। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रांची मंजूनाथ भजन्त्री ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे अपने संबंधित मतदान केंद्र पर जाकर यह जरूर देखें कि उनका नाम मतदाता सूची में सही तरीके से दर्ज है या नहीं। यदि किसी मतदाता के नाम, पता, आयु, लिंग या अन्य जानकारी में कोई गलती मिलती है, तो वह निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार समय रहते दावा या आपत्ति दर्ज करा सकता है। इससे अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होने से पहले आवश्यक सुधार किए जा सकेंगे। जिला प्रशासन ने सभी पात्र मतदाताओं से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि सभी लोग अपने विवरण का सत्यापन अवश्य करें, ताकि रांची जिले की सही और त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार की जा सके। इससे चुनाव प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने में मदद मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *