G-6J2VDTQNQL

दुर्गा पूजा को देखते हुए बिजली विभाग ने शहर में बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने की तैयारी शुरू कर दी है। इसके तहत शनिवार को शहर के कई इलाकों में बिजली लाइनों की मरम्मत और पेड़ों की डालियों की छंटाई की जाएगी। इस काम के कारण अलग-अलग क्षेत्रों में निर्धारित समय के लिए बिजली आपूर्ति बंद रहेगी। बिजली कटौती का समय अलग-अलग इलाकों में सुबह से लेकर शाम तक निर्धारित किया गया है।

बिजली विभाग के अनुसार, हिंदपीढ़ी के धोबी गली इलाके में सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक बिजली आपूर्ति बंद रहेगी। वहीं, मोरहाबादी, न्यू मोरहाबादी, कुसुम विहार, टैगोर हिल रोड, बिरसा कॉलोनी और करम टोली में सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक बिजली नहीं रहेगी। तुपुदाना सब स्टेशन के अंतर्गत हटिया, सिंह मोड़, बसारगढ़, सतरंजी, बालसिरिंग और तेतरी फीडर से जुड़े इलाकों में भी सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। इसके अलावा एयरपोर्ट रोड, हिनू, हेथू, हुंडरू, मणि टोला और पीएचडी कॉलोनी में दोपहर 1 बजे से शाम 4 बजे तक बिजली कटौती की जाएगी। शहर के दूसरे इलाकों में भी बिजली बंद रखने का समय निर्धारित किया गया है। सीएम हाउस फीडर में सुबह 9 बजे से 10 बजे तक, अपर बाजार में सुबह 9 बजे से 11 बजे तक और शहीद चौक फीडर में सुबह 8 बजे से 11 बजे तक बिजली आपूर्ति बंद रहेगी। राजभवन सब स्टेशन के आसपास के क्षेत्रों में भी मरम्मत कार्य का असर देखने को मिलेगा। मैकी रोड, प्यादा टोली, महावीर चौक, सेवा सदन, गांधी चौक और टेलीफोन एक्सचेंज रोड सहित आसपास के इलाकों में सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। वहीं, निवारणपुर और मजिस्ट्रेट कॉलोनी में दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे तक बिजली कटौती की संभावना है।

दुर्गा पूजा के दौरान बिजली व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए मरम्मत और छंटाई का काम किया जा रहा है। बिजली विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित समय को ध्यान में रखते हुए पानी भरने, बिजली से जुड़े जरूरी घरेलू काम और अन्य आवश्यक कार्य पहले ही निपटा लें। इससे बिजली कटौती के दौरान होने वाली परेशानियों से बचा जा सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *