G-6J2VDTQNQL

विश्व प्रसिद्ध राजकीय श्रावणी मेला-2026 की शुरुआत बाबा वैद्यनाथ धाम, देवघर में हो गई है। मेले के पहले ही दिन बड़ी संख्या में शिवभक्त बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक करने पहुंचे। श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए इस वर्ष भी बाबा वैद्यनाथ मंदिर में विशेष अर्घा व्यवस्था लागू की गई है, जिससे जलार्पण करने वाले भक्तों को काफी सहूलियत मिलेगी।

उपायुक्त ने लिया तैयारियों का जायजा, सुबह 4:02 बजे खुला मंदिर का पट

श्रावणी मेले के सफल, सुरक्षित और व्यवस्थित आयोजन को लेकर देवघर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। मेले से पहले बुधवार को उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने बाबा वैद्यनाथ मंदिर परिसर और पूरे मेला क्षेत्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों के साथ तैयारियों की समीक्षा की और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़े सभी इंतजामों का जायजा लिया। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि विशेष अर्घा व्यवस्था समय पर शुरू की जाए और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। श्रावणी मेले के पहले दिन गुरुवार सुबह 4:02 बजे बाबा वैद्यनाथ मंदिर का पट खुलते ही जलार्पण की प्रक्रिया शुरू हो गई। इसके बाद शिवभक्तों की लंबी कतारें मंदिर परिसर में नजर आईं। हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से पूरा देवघर भक्तिमय माहौल में डूब गया। श्रद्धालु पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ कतारबद्ध होकर बाबा वैद्यनाथ का जलाभिषेक कर रहे हैं।

रूट लाइन पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

मंदिर तक पहुंचने वाली रूट लाइन पर सुबह से ही कांवरियों की भारी भीड़ देखने को मिली। शिवभक्त अनुशासन के साथ कतार में आगे बढ़ते हुए बाबा वैद्यनाथ के दर्शन और जलार्पण के लिए पहुंच रहे हैं। जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, पेयजल, चिकित्सा, सफाई और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था की गई है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा न हो। प्रशासन का कहना है कि पूरे श्रावणी मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। विशेष अर्घा व्यवस्था के साथ-साथ मंदिर और मेला क्षेत्र में सभी जरूरी व्यवस्थाओं पर लगातार निगरानी रखी जाएगी, ताकि लाखों श्रद्धालु आसानी और सुरक्षित तरीके से बाबा वैद्यनाथ का जलाभिषेक कर सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *