राजधानी रांची के वार्ड संख्या 36 स्थित अरगोड़ा पीपर टोली, नागड़ा ढीपा और तारा नगर आवासीय परिसर में एक बार फिर बारिश ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। शनिवार को हुई बारिश के बाद पुंदाग नदी का जलस्तर बढ़ गया, जिससे नदी किनारे बने कई घरों में पानी घुस गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह समस्या हर साल बरसात के मौसम में सामने आती है, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं हो सका है। स्थानीय लोगों के अनुसार, पंच मंदिर मार्ग के पास पुंदाग नदी किनारे बनी गार्ड वॉल (सुरक्षा दीवार) की ऊंचाई कम होने के कारण नदी का पानी आसानी से रिहायशी इलाके में प्रवेश कर जाता है। इससे घरों में पानी भर जाता है और लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ती है। पिछले वर्ष भी यही स्थिति बनी थी। उस समय पानी मंदिर परिसर तक पहुंच गया था, जिससे लोगों को भारी नुकसान झेलना पड़ा था। गार्ड वॉल ऊंचा करने की मांग, लोगों को नगर निगम से उम्मीद घटना की जानकारी मिलते ही वार्ड संख्या 36 के वार्ड सुपरवाइजर महादेव भेंगरा ने रांची नगर निगम को सूचना दी। इसके बाद नगर निगम की टीम जल निकासी के लिए मशीन और वाहन लेकर मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों का कहना है कि हर साल अस्थायी रूप से पानी निकाला जाता है, लेकिन समस्या की जड़ को दूर करने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया जाता। इलाके के निवासियों ने बताया कि पिछले वर्ष बरसात के दौरान ही उन्होंने रांची नगर निगम को आवेदन देकर गार्ड वॉल की ऊंचाई कम से कम तीन फीट बढ़ाने की मांग की थी। नगर निगम के वार्ड संख्या 36 के अभियंताओं ने मौके का निरीक्षण भी किया था और मापी करने के बाद गार्ड वॉल को ऊंचा करने की योजना तैयार कर नगर निगम बोर्ड को भेज दी थी। लेकिन अब तक इस योजना पर काम शुरू नहीं हो सका है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते गार्ड वॉल की ऊंचाई बढ़ा दी जाती, तो इस बार भी घरों में पानी घुसने की नौबत नहीं आती। उनका कहना है कि हर वर्ष बारिश के समय उन्हें डर बना रहता है कि कहीं फिर से बाढ़ जैसी स्थिति न बन जाए। पीपर टोली, नागड़ा ढीपा और तारा नगर आवासीय परिसर के लोगों ने रांची की मेयर रोशनी खलखो और नगर आयुक्त से जल्द से जल्द इस समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि गार्ड वॉल की ऊंचाई बढ़ाने का काम जल्द शुरू कराया जाए, ताकि हर साल होने वाली इस परेशानी से हमेशा के लिए राहत मिल सके। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि नगर निगम इस बार उनकी समस्या को गंभीरता से लेते हुए जल्द कार्रवाई करेगा। Post navigation रांची में दर्दनाक हादसा! रात को सोया परिवार, सुबह दो की मौत और दो जिंदगी से जूझते मिले