G-6J2VDTQNQL

राजधानी रांची के पॉश इलाके अशोक नगर में हुई हाई-प्रोफाइल चोरी मामले की जांच में पुलिस को कई बड़े सुराग मिले हैं। जांच में सामने आया है कि चोरी करने वाले दो बदमाश करीब 80 लाख रुपये की लग्जरी जगुआर कार से रांची पहुंचे थे। कार पर उत्तर प्रदेश का नंबर लगा हुआ था। पुलिस का मानना है कि वारदात पूरी योजना बनाकर अंजाम दी गई। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी 8 जुलाई की दोपहर रांची पहुंचे और जगन्नाथपुर स्थित बिरसा चौक के पास एक होटल पार्क रिट्रीट में रुके। होटल में कमरा लेने के लिए उन्होंने एक मुस्लिम व्यक्ति के नाम पर बने फर्जी आधार कार्ड का इस्तेमाल किया। जांच में यह भी पता चला है कि होटल में रहने के दौरान दोनों कई बार बाहर गए। पुलिस को शक है कि वे चोरी से पहले इलाके की रेकी कर रहे थे और घरों की गतिविधियों पर नजर रख रहे थे।

रेकी से लेकर फरारी तक… CCTV में कैद हुई हाई-प्रोफाइल चोरी की पूरी साजिश

रेकी पूरी करने के बाद बुधवार देर रात दोनों आरोपी अशोक नगर रोड नंबर-4बी स्थित त्रिवेणी बिल्डर अखिलेश पांडेय के घर पहुंचे। पुलिस के मुताबिक, एक बदमाश घर के अंदर घुसकर चोरी करता रहा, जबकि दूसरा बाहर खड़ा होकर निगरानी करता रहा। चोरी के बाद दोनों बदमाश चर्चित बिल्डर निशित केसरी के घर भी पहुंचे और वहां चोरी की कोशिश की। लेकिन घर में मौजूद अंगरक्षक की फायरिंग के बाद दोनों मौके से भाग निकले। वारदात के बाद आरोपी दोबारा होटल पार्क रिट्रीट लौट आए और पूरी रात वहीं रुके। अगले दिन गुरुवार सुबह करीब 5:20 बजे दोनों होटल से निकलकर फरार हो गए। पुलिस ने होटल के सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य जानकारियों के आधार पर उनकी गतिविधियों का पता लगाया है। जांच में यह भी सामने आया है कि होटल में जमा किया गया आधार कार्ड पूरी तरह फर्जी था। पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि इस चोरी में केवल दो ही नहीं, बल्कि एक तीसरा आरोपी भी शामिल था। वह दूसरी कार में होटल के बाहर मौजूद था और लगातार पुलिस की गतिविधियों पर नजर रख रहा था। पुलिस अब तीनों आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग जगहों पर छापेमारी कर रही है।

करोड़ों की चोरी के बाद पुलिस अलर्ट, SIT ने संभाली जांच की कमान

मामले की गंभीरता को देखते हुए सिटी एसपी पारस राणा ने विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है। इस टीम की कमान कोतवाली एएसपी निखिल राय को सौंपी गई है। एसआईटी में कोतवाली, धुर्वा, जगन्नाथपुर और पुंदाग ओपी के थाना प्रभारियों को भी शामिल किया गया है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस मामले में अरगोड़ा थाना में आशुतोष पांडेय की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। शिकायत के अनुसार, बदमाश घर से 8 लाख रुपये नकद और करीब 90 लाख रुपये के सोने, हीरे, रुबी और चांदी के जेवरात चोरी कर ले गए। चोरी गए सामान में करीब 600 ग्राम सोने के आभूषण, हीरे का सेट, गोल्ड-रुबी सेट, चांदी के कीमती उपहार, महत्वपूर्ण दस्तावेज और नकद राशि शामिल है। परिवार का आरोप है कि बदमाश घर में सिर्फ चोरी करने नहीं, बल्कि अखिलेश पांडेय पर जानलेवा हमला करने की नीयत से घुसे थे। जब वे घर में नहीं मिले, तो आरोपियों ने अलमारियां और वार्डरोब तोड़कर कीमती सामान समेट लिया। घटना के बाद परिवार सदमे में है, जबकि पुलिस पूरे मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *