G-6J2VDTQNQL

झारखंड के खूंटी जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) को बड़ी सफलता मिली है। कर्रा थाना क्षेत्र में वाहन जांच के दौरान एक चारपहिया वाहन से करीब 200 किलो गांजा बरामद किया गया है। इस मामले में पुलिस और NCB की संयुक्त टीम ने पांच अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे वाहन को भी जब्त कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हजारीबाग जिले के बरही निवासी रवि शंकर, रिजवान खान, रवि कुमार और पदमा निवासी मोहम्मद इसराफिल और मोहम्मद अफरीद के रूप में हुई है।

ओडिशा से रांची ले जाया जा रहा था गांजा, संदिग्ध वाहन की तलाशी में खुला राज

पुलिस के अनुसार, खूंटी एसपी ऋषभ गर्ग को सूचना मिली थी कि ओडिशा के राउरकेला से गांजे की एक बड़ी खेप झारखंड के रास्ते रांची ले जाई जा रही है। सूचना में बताया गया था कि गांजा सिमडेगा और कमडारा के रास्ते रांची पहुंचाया जाना है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और NCB के साथ मिलकर कार्रवाई की योजना बनाई। इसके बाद कर्रा थाना क्षेत्र के लोधमा पुलिस पिकेट के पास वाहनों की जांच शुरू की गई। वाहन जांच के दौरान पुलिस टीम ने एक संदिग्ध चारपहिया वाहन को रोका। पुलिस को शक होने पर वाहन की बारीकी से तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन के अंदर छिपाकर रखे गए गांजे के कई पैकेट मिले। जब गांजे को बाहर निकाला गया और उसका वजन किया गया तो उसकी मात्रा करीब 200 किलो पाई गई। इतनी बड़ी मात्रा में गांजा मिलने के बाद पुलिस ने वाहन में सवार पांचों लोगों को तत्काल हिरासत में ले लिया।पुलिस ने गांजा जब्त करने के साथ ही उस चारपहिया वाहन को भी अपने कब्जे में ले लिया, जिसका इस्तेमाल तस्करी के लिए किया जा रहा था।

पूछताछ में खुलेगा तस्करी नेटवर्क,  होगी कार्रवाई

कार्रवाई के बाद NCB की टीम बरामद गांजा, जब्त वाहन और गिरफ्तार आरोपियों को अपने साथ रांची स्थित कार्यालय ले गई। अब आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि 200 किलो गांजा किसके कहने पर लाया जा रहा था, इसका मुख्य सरगना कौन है और झारखंड में गांजा कहां पहुंचाया जाना था। इसके अलावा तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और इसके पीछे काम कर रहे पूरे गिरोह का भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है। पुलिस और NCB की संयुक्त कार्रवाई तथा पांच आरोपियों की गिरफ्तारी की पुष्टि हुई है। मामले में बरामद गांजा और अन्य जब्त सामान को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। खूंटी में हुई इस कार्रवाई को मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस और NCB की बड़ी सफलता माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *