रांची-गुमला राष्ट्रीय राजमार्ग पर बेड़ो थाना क्षेत्र के हाठु गांव के पास गुरुवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां दो वाहनों के बीच हुई जोरदार टक्कर में बालू लदे हाइवा के चालक और खलासी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। बताया जा रहा है कि दोनों वाहनों के बीच टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बालू लदे हाइवा का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। टक्कर के बाद हाइवा में चालक और खलासी फंस गए। दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही बेड़ो थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त वाहन से दोनों शवों को बाहर निकाला। हादसा इतना भीषण था कि शवों को निकालने में काफी परेशानी हुई। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतकों की पहचान की प्रक्रिया भी की जा रही है। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है और दुर्घटना में शामिल दूसरे वाहन के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। हादसे के बाद कुछ समय के लिए सड़क पर लोगों की भीड़ जुट गई, जिससे यातायात भी प्रभावित हुआ। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। दुर्घटना के बाद हाठु गांव और आसपास के इलाके में शोक का माहौल है। Post navigation भारत-वेस्टइंडीज T20 से पहले JSCA में अभ्यास, टिकटों की कालाबाजारी से क्रिकेट प्रेमी परेशान