लोहरदगा में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। शहर में एसपी आवास के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, एक तेज रफ्तार कार सड़क से गुजर रही थी। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कार अनियंत्रित होकर सड़क के बीच बने डिवाइडर से जोरदार तरीके से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार के आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को कार से बाहर निकाला गया। घटना में कार सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है, जहां डॉक्टर उनकी हालत पर नजर बनाए हुए हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त कार को सड़क से हटाकर यातायात सामान्य कराया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। Post navigation झारखंड पेपर लीक मामले में बड़ा फैसला, 168 आरोपियों को मिली जमानत NH-19 पर हादसे का कहर, डंपर से भिड़ी रेखा बस- एक मृत, 22 घायल