झारखंड में राज्यसभा की दो सीटों के लिए गुरुवार को विधानसभा के कक्ष संख्या 42 में मतदान की प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से पूरी हो गई। सुबह 9 बजे शुरू हुई वोटिंग में राज्य के सभी 81 विधायकों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान समाप्त होने के बाद मतपेटियों को सील करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। अब शाम 5 बजे से वोटों की गिनती होगी, जबकि देर शाम या रात तक चुनाव परिणाम घोषित होने की संभावना है। मतदान को लेकर विधानसभा परिसर में पूरे दिन राजनीतिक हलचल बनी रही। सभी प्रमुख दलों के विधायक अपने-अपने निर्धारित स्थानों से विधानसभा पहुंचे और वोट डाला। कांग्रेस और एनडीए के विधायक अलग-अलग होटलों से बसों के जरिए विधानसभा पहुंचे, जबकि झामुमो के विधायक मुख्यमंत्री आवास से एक साथ मतदान के लिए पहुंचे। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपनी पत्नी और गांडेय विधायक कल्पना सोरेन के साथ विधानसभा पहुंचे और मतदान किया। मतदान की प्रक्रिया के दौरान सबसे पहला वोट भाजपा विधायक नवीन जायसवाल ने डाला। वहीं झामुमो के वरिष्ठ नेता और मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू सहित सभी विधायकों ने मतदान में हिस्सा लिया। चुनाव आयोग की निगरानी में पूरी मतदान प्रक्रिया संपन्न कराई गई। वोटिंग के दौरान राजनीतिक बयानबाजी भी रही चर्चा में राज्यसभा चुनाव के बीच राजनीतिक बयान और दावे भी चर्चा का विषय बने रहे। विधानसभा परिसर में मीडिया से बातचीत करते हुए विधायक जयराम महतो ने कहा कि उनका फैसला किसी राजनीतिक दल की विचारधारा से नहीं, बल्कि राज्य के हित और विकास को ध्यान में रखकर होगा। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में किसी एक पक्ष का चयन करना जरूरी होता है, लेकिन उनकी प्राथमिकता हमेशा झारखंड का हित रहा है। जयराम महतो ने यह भी स्पष्ट किया कि उनका वोट पूरी तरह उनका व्यक्तिगत और संवैधानिक अधिकार है। उन्होंने कहा कि किसी भी दल को यह दावा करने का अधिकार नहीं है कि उनका समर्थन निश्चित रूप से उसे मिलेगा। उन्होंने कहा कि सभी दलों के नेताओं से उनके अच्छे संबंध हैं, लेकिन मतदान का निर्णय पूरी तरह उनकी सोच और विवेक पर आधारित है। दावों और समीकरणों के बीच परिणाम पर टिकी नजरें राज्यसभा चुनाव को लेकर सभी राजनीतिक दल अपनी-अपनी जीत का दावा कर रहे हैं। चुनावी गणित और संभावित क्रॉस वोटिंग को लेकर भी चर्चाओं का बाजार गर्म है। हालांकि अब मतदान प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और सभी की निगाहें मतगणना पर टिकी हुई हैं। शाम 5 बजे से शुरू होने वाली मतगणना के बाद यह साफ हो जाएगा कि झारखंड से राज्यसभा की दोनों सीटों पर किस उम्मीदवार ने जीत हासिल की है। चुनाव परिणाम राज्य की राजनीति के लिए भी काफी महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं, क्योंकि इससे विधानसभा में दलों की एकजुटता और रणनीति की भी तस्वीर सामने आएगी। Post navigation राज्यसभा चुनाव-इंडिया गठबंधन ने दोनों सीटें जीतने का किया दावा, एनडीए भी आश्वस्त