G-6J2VDTQNQL

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-UG) 2026 के री-टेस्ट का परिणाम जारी कर दिया है। इस बार री-टेस्ट में 11.21 लाख अभ्यर्थियों ने सफलता हासिल की है। अब ये सभी सफल छात्र मेडिकल, डेंटल, आयुष और अन्य स्वास्थ्य संबंधी पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए होने वाली काउंसलिंग प्रक्रिया में भाग ले सकेंगे। इस वर्ष री-टेस्ट का आयोजन 21 जून 2026 को किया गया था। परीक्षा देश के 551 शहरों और विदेश के 14 शहरों में बनाए गए कुल 5,440 परीक्षा केंद्रों पर हुई। इस परीक्षा में करीब 20 लाख अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया था।

138 अभ्यर्थियों ने 720 में से 690 से अधिक अंक हासिल किए

इस बार परीक्षा में शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। कुल 138 अभ्यर्थियों ने 720 में से 690 से अधिक अंक हासिल किए। वहीं, 19 छात्रों ने 700 से ज्यादा अंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। इसके अलावा 1,492 छात्रों ने 650 से अधिक, 10,160 छात्रों ने 600 से ज्यादा और 90,780 छात्रों ने 500 से अधिक अंक हासिल किए। NEET-UG 2026 में सबसे अधिक 715 अंक पंजाब के आर्यन गुप्ता और हरियाणा के पंशुल बंसल ने हासिल किए। दोनों ने संयुक्त रूप से परीक्षा में सर्वोच्च अंक प्राप्त किए हैं। इस परीक्षा में एक और खास बात सामने आई है। 690 या उससे अधिक अंक लाने वाले 138 छात्रों में से 93 प्रतिशत उम्मीदवार पहली ही कोशिश में परीक्षा पास करने में सफल रहे। वहीं, इनमें से 99 प्रतिशत छात्रों की उम्र 17 से 19 वर्ष के बीच है।

रांची के छात्र ज्ञानेन्द्र गर्व ने 720 में से 665 अंक किए हासिल 

रांची के जवाहर विद्या मंदिर, श्यामली के विद्यार्थियों ने भी इस बार शानदार प्रदर्शन किया है। विद्यालय के छात्र ज्ञानेन्द्र गर्व ने 720 में से 665 अंक हासिल किए। उन्होंने 99.9629481 पर्सेंटाइल प्राप्त करते हुए अखिल भारतीय रैंक (AIR) 676 और जनरल कैटेगरी में 413वीं रैंक हासिल की। जीवविज्ञान, भौतिकी और रसायन विज्ञान तीनों विषयों में उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन से विद्यालय का नाम रोशन हुआ है। विद्यालय प्रबंधन ने इस सफलता का श्रेय छात्रों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग को दिया है। स्कूल ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। अब NEET-UG 2026 में सफल हुए अभ्यर्थियों की नजर काउंसलिंग प्रक्रिया पर है। काउंसलिंग के माध्यम से उन्हें देश के विभिन्न सरकारी और निजी मेडिकल, डेंटल तथा आयुष कॉलेजों में दाखिला मिलेगा। छात्रों को सलाह दी गई है कि वे काउंसलिंग से जुड़ी सभी आधिकारिक सूचनाओं पर नजर बनाए रखें और समय पर आवश्यक दस्तावेज तैयार रखें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *