नवरात्रि शुरू होने से पहले सोशल मीडिया पर चल रहे ‘रेंट अ गरबा पार्टनर’ के विज्ञापनों को लेकर अहमदाबाद पुलिस ने लोगों को सतर्क किया है। इंस्टाग्राम समेत दूसरे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पिछले कुछ दिनों से ऐसी कई पोस्ट सामने आ रही हैं, जिनमें युवक और युवतियां पैसे लेकर गरबा पार्टनर बनने की पेशकश कर रहे हैं। इन पोस्ट में अलग-अलग समय और सुविधाओं के हिसाब से अलग-अलग पैकेज और कीमतें बताई जा रही हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रही कुछ पोस्ट में दो घंटे के साथ के लिए करीब 500 रुपये से लेकर पूरी रात के लिए 6,500 रुपये तक की कीमत बताई जा रही है। कुछ अकाउंट्स की ओर से सिल्वर, गोल्ड और प्लैटिनम जैसे पैकेज भी बताए गए हैं। इन विज्ञापनों में गरबा खेलने, साथ में समय बिताने, मैचिंग कपड़े पहनने, सेल्फी लेने और डांस के स्टेप्स सिखाने जैसी सुविधाओं का दावा किया जा रहा है। ‘रेंट अ गरबा पार्टनर’ के नाम पर ठगी का खतरा, पुलिस ने अनजान लिंक से बचने को कहा इस मामले को लेकर साइबर क्राइम ब्रांच ने जांच शुरू कर दी है। साइबर क्राइम ब्रांच की डीसीपी ने वीडियो संदेश के जरिए लोगों से सावधान रहने की अपील की है। उन्होंने बताया कि पुलिस सोशल मीडिया पर चल रही ऐसी पोस्ट और अकाउंट्स की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इन विज्ञापनों के पीछे किसी तरह की धोखाधड़ी या अन्य गलत मकसद तो नहीं है। पुलिस ने लोगों को खास तौर पर ऑनलाइन पेमेंट से जुड़े मामलों में सावधानी बरतने की सलाह दी है। अधिकारियों ने कहा है कि किसी अनजान व्यक्ति की ओर से भेजे गए संदिग्ध लिंक पर क्लिक नहीं करना चाहिए। इसी तरह तस्वीर या अन्य फाइल के रूप में भेजे गए अटैचमेंट को भी बिना जांचे खोलने से बचना चाहिए। पुलिस के मुताबिक, ऐसे संदिग्ध लिंक या फाइल के जरिए मोबाइल के मैसेजिंग ऐप तक अनधिकृत पहुंच बनाने या बैंक खाते से पैसे निकालने की कोशिश की जा सकती है। सोशल मीडिया पर वायरल पोस्ट में अलग-अलग कीमतों के पैकेज बताए जा रहे हैं। कुछ पोस्ट में पुरुष गरबा पार्टनर के लिए 500 से 2,000 रुपये और महिला पार्टनर के लिए करीब 3,000 रुपये तक की फीस बताई गई है। इन बेसिक पैकेज में करीब दो घंटे साथ रहने, गरबा खेलने, मैचिंग कपड़े पहनने, सेल्फी लेने और डांस के स्टेप्स सिखाने जैसी बातें शामिल बताई गई हैं। वहीं, कुछ मिड-लेवल पैकेज में पुरुष पार्टनर के लिए 1,000 से 3,000 रुपये और महिला पार्टनर के लिए करीब 5,000 रुपये तक की फीस बताई गई है। इन पोस्ट के अनुसार, इस तरह के पैकेज में चार घंटे तक गरबा खेलने, रील बनाने और लोगों के सामने प्रेमी-प्रेमिका होने का दिखावा करने जैसी बातें भी शामिल बताई जा रही हैं। ऐसी पोस्ट कुछ छोटे सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के अलावा कई अज्ञात अकाउंट्स से भी शेयर की जा रही हैं। कुछ अकाउंट्स गुजरात के अलग-अलग शहरों में ऐसी सेवाएं उपलब्ध कराने का दावा कर रहे हैं। फिलहाल साइबर क्राइम ब्रांच इन सोशल मीडिया पोस्ट और अकाउंट्स की जांच कर रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर मिलने वाले ऐसे ऑफर पर बिना जांच के भरोसा न करें और किसी भी संदिग्ध लिंक, पेमेंट रिक्वेस्ट या अटैचमेंट से सावधानी बरतें। अगर किसी व्यक्ति के साथ ऑनलाइन ठगी होती है, तो उसे तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई है। Post navigation यमुना किनारे सफाई अभियान: बिट्टू तबाही की टीम ने हटाया 1280 किलो कचरा