राजधानी के हरमू रोड स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय के बाहर शुक्रवार को उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब नीट पेपर लीक मामले को लेकर भाजपा कार्यालय का घेराव करने पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भाजपा कार्यकर्ताओं से भिड़ंत जैसी नौबत हो गई। देखते ही देखते दोनों दलों के हजारों कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए और प्रदर्शन झड़प में बदल गया। बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़े प्रदर्शनकारी, फेंकी गईं अंडे, टमाटर और पानी की बोतलें कांग्रेस ने नीट परीक्षा में कथित धांधली और छात्रों के मुद्दे को लेकर भाजपा कार्यालय का घेराव करने का ऐलान किया था। इसे देखते हुए प्रशासन ने पहले से ही भाजपा कार्यालय के बाहर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया था और कई जगह बैरिकेडिंग की गई थी। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग तोड़ दी और आगे बढ़ने की कोशिश की। इसी दौरान भाजपा कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में बाहर आ गए। दोनों पक्षों के आमने-सामने आने के बाद माहौल गरमा गया और जमकर नारेबाजी शुरू हो गई। कुछ ही देर बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद और बढ़ गया। कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे पर अंडे, टमाटर और पानी की बोतलें फेंकनी शुरू कर दीं। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की और हाथापाई शुरू हो गई। पत्थरबाजी से बढ़ा तनाव, पुलिस ने संभाला मोर्चा, मीडियाकर्मी घायल स्थिति तब और बिगड़ गई, जब दोनों ओर से पत्थरबाजी शुरू हो गई। पत्थरबाजी के कारण घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। इस दौरान कवरेज कर रहे एक मीडियाकर्मी को भी पत्थर लग गया, जिससे वह घायल हो गया। मौके पर मौजूद अन्य लोगों में भी दहशत का माहौल बन गया। हालात बिगड़ते देख पुलिस और प्रशासन ने तुरंत मोर्चा संभाला। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया। पुलिसकर्मियों ने दोनों पक्षों के कार्यकर्ताओं को अलग-अलग करने का प्रयास किया और उन्हें पीछे धकेला। घटनास्थल पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात है। वरिष्ठ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं ताकि कोई और अप्रिय घटना न हो। घटना के बाद भाजपा प्रदेश कार्यालय और आसपास के इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस पूरे क्षेत्र में गश्त कर रही है और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। फिलहाल प्रशासन स्थिति को पूरी तरह नियंत्रण में लाने की कोशिश कर रहा है। वहीं इस घटना के बाद राजधानी का राजनीतिक माहौल भी काफी गरमा गया है। दोनों दल एक-दूसरे पर हिंसा और माहौल खराब करने का आरोप लगा रहे हैं। Post navigation राजधानी में सियासी टकराव! कांग्रेस के घेराव से पहले भाजपा कार्यालय की कड़ी सुरक्षा