बिहार के गया से कोलकाता जा रही महारानी बस शुक्रवार देर रात धनबाद में हादसे का शिकार हो गई। बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के कल्याणपुर स्थित नेशनल हाईवे-19 पर ओवरटेक करने के दौरान बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई और सड़क के बीचों-बीच पलट गई। हादसे में बस में सवार 20 से अधिक यात्रियों में से 8 यात्री घायल हो गए। ओवरटेक करने के दौरान बिगड़ा बस का संतुलन जानकारी के अनुसार, महारानी बस गया से यात्रियों को लेकर कोलकाता की ओर जा रही थी। शुक्रवार देर रात जब बस कल्याणपुर के पास नेशनल हाईवे-19 से गुजर रही थी, उसी दौरान चालक ने आगे चल रहे वाहन को ओवरटेक करने का प्रयास किया। प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों के मुताबिक, बस की रफ्तार काफी तेज थी। ओवरटेक करने के दौरान चालक का बस पर नियंत्रण बिगड़ गया। इसके बाद बस सड़क के बीच लगे तार वाले डिवाइडर को पार करते हुए पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही बरवाअड्डा थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे और घायल यात्रियों को बाहर निकाला। इसके बाद सभी घायलों को इलाज के लिए धनबाद के एसएनएमएमसीएच (SNMMCH) अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में घायलों का इलाज किया जा रहा है। हादसे के कारण कुछ समय के लिए घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और सड़क पर यातायात भी प्रभावित हुआ। तेज रफ्तार को बताया जा रहा हादसे का कारण स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस काफी तेज गति से जा रही थी। इसी दौरान ओवरटेक करने की कोशिश में चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और बस डिवाइडर पर चढ़कर पलट गई। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि पुलिस की जांच के बाद ही हो सकेगी। हादसे के बाद पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और दुर्घटनाग्रस्त बस को हटाने की कार्रवाई शुरू की। मामले की जांच की जा रही है। Post navigation पुष्कर महतो ने सरकार से मांगा आंदोलनकारियों का सम्मान, 30 सितंबर के झारखंड बंद का आह्वान आंदोलनकारियों की बैठक में बड़ा फैसला, चतरा में 29 को मशाल जुलूस और 30 को आर्थिक नाकाबंदी