G-6J2VDTQNQL

रांची/खूंटी: झारखंड के खूंटी जिले के कर्रा थाना क्षेत्र में गुरुवार की रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में सात लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए। हादसा कर्रा-तोरपा मुख्य सड़क पर जोने-लुदरू मोड़ के पास रात करीब 9:45 बजे हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तोरपा की ओर से आ रहा एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित 18 चक्का ट्रक सड़क पर मौजूद लोगों को कुचलते हुए पुलिया तोड़कर नीचे गड्ढे में जा गिरा। इस घटना के बाद पूरे इलाके में चीख-पुकार मच गई। हादसे में जान गंवाने वालों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है। जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात करीब 9:30 बजे जोने-लुदरू मोड़ के पास पहले एक स्कूटी दुर्घटनाग्रस्त हुई थी। इस घटना की जानकारी मिलने के बाद आसपास की बस्ती के कई लोग दुर्घटनास्थल पर पहुंच गए। लोग सड़क पर जमा होकर स्कूटी हादसे के बारे में जानकारी ले रहे थे। इसी दौरान तोरपा की ओर से कर्रा की तरफ आ रहा 18 चक्का ट्रक (JH 02 AJ 1377) तेज रफ्तार में वहां पहुंचा। बताया जाता है कि ट्रक चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और सड़क पर खड़े लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। इसके बाद ट्रक पुलिया को तोड़ते हुए सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरा।

इस भीषण दुर्घटना में सात लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के तुरंत बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग घायलों की मदद के लिए दौड़े और उन्हें अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की। दुर्घटना के बाद ट्रक का चालक और खलासी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही कर्रा थाना प्रभारी राजू कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से राहत और बचाव कार्य शुरू कराया। हादसे में घायल लोगों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), कर्रा ले जाया गया। वहां चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। दो घायल बच्चों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए खूंटी सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। अन्य घायलों को भी इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया। घटना के बाद पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम राहत कार्य में जुटी रही।

हादसे में सात लोगों की मौत से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। शुक्रवार सुबह मृतकों के परिजनों और स्थानीय लोगों ने कर्रा रेलवे क्रॉसिंग के पास मुख्य सड़क जाम कर दिया। ग्रामीणों की मांग है कि हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को उचित मुआवजा दिया जाए और घायलों के इलाज की समुचित व्यवस्था की जाए। सड़क जाम होने से इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो गई। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं होती, तब तक वे सड़क से नहीं हटेंगे। इस घटना ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरे को उजागर कर दिया है। एक स्कूटी दुर्घटना के बाद सड़क पर जमा हुए लोगों को शायद अंदाजा भी नहीं था कि कुछ ही देर में वहां एक और बड़ा हादसा हो जाएगा। कुछ पलों में खुशहाल परिवारों की दुनिया उजड़ गई और पूरा इलाका मातम में डूब गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *