G-6J2VDTQNQL

धनबाद जिले के बलियापुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब ढांगी कल्याणडीह के सुनसान जंगल में एक अज्ञात महिला का सिर कटा शव बरामद हुआ। जंगल में शव मिलने की खबर तेजी से पूरे इलाके में फैल गई। इसके बाद बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह स्थानीय ग्रामीण रोज की तरह जंगल के बीच बने पगडंडी रास्ते से होकर गुजर रहे थे। इसी दौरान कुछ ग्रामीणों की नजर झाड़ियों के पास पड़े एक महिला के क्षत-विक्षत शव पर पड़ी। शव की हालत देखकर ग्रामीणों के होश उड़ गए। महिला का सिर धड़ से अलग था। इसके बाद ग्रामीणों ने तुरंत आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी और पुलिस को सूचना दी गई। महिला की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है। शव किसका है और उसे जंगल में कौन लेकर आया, इसे लेकर कई तरह के सवाल उठ रहे हैं। घटना की जानकारी मिलते ही बलियापुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुटने के कारण इलाके में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। सिर कटा शव मिलने से स्थानीय लोगों में डर और चिंता का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि सुनसान जंगल में इस तरह शव मिलने की घटना गंभीर है और पुलिस को जल्द से जल्द महिला की पहचान कर पूरे मामले का खुलासा करना चाहिए। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। महिला की पहचान और मौत के कारण का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि महिला की मौत कैसे हुई और इस घटना के पीछे कौन लोग शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *